रायपुर में दिवाली पर वक्फ बोर्ड ने तीन हिंदू परिवारों को भेजा नोटिस, प्रदेश में गरमाई सियासत

Chhattisgarh Waqf Board Notice: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके में दिवाली के दिन एक नोटिस ने हड़कंप मचा दिया। राज्य वक्फ बोर्ड की ओर से तीन हिंदू परिवारों को भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि वे जिस जमीन पर रह रहे हैं, वह वक्फ की संपत्ति है। नोटिस के मुताबिक मजार ए शरीफ खाकी शाह साहब की दरगाह की जमीन पर इन परिवारों ने अवैध कब्जा किया है। नोटिस में खसरा नंबर 1888 के तहत 0.101 हेक्टेयर भूमि का जिक्र किया गया है और परिवारों से जवाब मांगा गया है। वक्फ बोर्ड के मुतवल्ली ने कहा कि अगर उचित जवाब नहीं मिला तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- भिलाई के स्पा सेंटरों में छापेमारी, देह व्यापार के गोरखधंधे का खुलासा, 11 लोग गिरफ्तार
जिन परिवारों को नोटिस भेजा गया है, उनमें डॉक्टर एस एन जौहरी, अरविंद अग्रवाल और राजेश शामिल हैं। राजेश ने बताया कि उन्होंने यह जमीन 2007 में खरीदी थी और तब से परिवार समेत यहां रह रहे हैं। उन्होंने नोटिस में दर्ज खसरा नंबर उनके जमीन के असली खसरा नंबर से अलग बताया। राजेश ने बताया कि उन्होंने वकील के माध्यम से वक्फ बोर्ड को जवाब भेजा है और जमीन के सही दस्तावेज मांगे हैं, ताकि आगे कानूनी कार्रवाई की जा सके। नोटिस भेजे जाने के बाद सियासत भी गरमा गई है।

भाजपा नेता और खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिवाली के दिन लोगों को परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड को इस पर संज्ञान लेना चाहिए और जरूरत पड़ने पर शासन से बात की जाएगी। वहीं कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह नोटिस गरीब हिंदुओं को परेशान करने की कोशिश है। यह सनातन की बात करने वाली BJP का वास्तविक चेहरा है। डबल इंजन सरकार में गरीब हिंदुओं को परेशान किया जा रहा है। हम सरकार से मांग करते हैं कि तत्काल इस नोटिस को वापस लिया जाए।

विवाद बढ़ने पर वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने सफाई दी और कहा कि नोटिस नियमों के तहत जारी किया गया है। नोटिस का उद्देश्य किसी हिंदू भाई की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने कहा कि नोटिस सिर्फ यह जानने के लिए था कि संपत्ति पर पहले कौन निवासरत था। सलीम राज ने कहा कि संबंधित व्यक्ति चाहें तो नोटिस का जवाब देने के लिए समय ले सकते हैं। वक्फ बोर्ड का मकसद किसी को भी संपत्ति से बेदखल करना नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई चाहे तो बोर्ड की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी देख सकता है। अध्यक्ष ने आगे कहा कि बोर्ड चाहता है कि किराए की राशि तय हो जाए, जिससे उस धन का उपयोग गरीबों के उत्थान के कार्यों में किया जा सके।
भाजपा किसी को बेदखल करने वाली पार्टी नहीं: सलीम
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा किसी को बेदखल करने वाली पार्टी नहीं है। इधर, पुरानी बस्ती के वार्ड पार्षद और ब्राह्मण समाज के लोग भी परिवारों के समर्थन में सामने आए हैं। उनका कहना है कि यह परिवार दशकों से यहां रह रहे हैं और वक्फ बोर्ड का यह कदम अनुचित है। स्थानीय लोग वक्फ बोर्ड से जमीन के दस्तावेजों की मांग करेंगे। बता दें कि इस विवाद ने राजधानी रायपुर की पुरानी बस्ती में दिवाली का माहौल प्रभावित किया है और आने वाले दिनों में इसका राजनीतिक और कानूनी असर देखने को मिल सकता है। (Chhattisgarh Waqf Board Notice)



