नंदकुमार साय को कांग्रेस में मिलेगा बड़ा पद, CSIDC के बनाए जाएंगे अध्यक्ष !

Nandkumar Sai New Post: भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए आदिवासी नेता नंदकुमार साय को जल्दी ही बड़ा पद मिलने वाला है। साय को छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम यानी CSIDC के अध्यक्ष बनाने की चर्चा चल रही है। साय को अध्यक्ष की कुर्सी के साथ ही कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया जाएगा। भूपेश सरकार साय के जरिए आदिवासियों को साधने का बड़ा इंतजाम कर रही है। इसी कारण साय को कांग्रेस में आते ही बड़ा पद दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- सरकारी स्कूल में 15 बच्चियों के साथ छेड़छाड़, प्रिंसिपल और सहायक अध्यापिका पर भी आरोप

बता दें कि छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस आदिवासी क्षेत्रों में साय का भरपूर उपयोग करेगी। साय ने भाजपा से इस्तीफा देकर 1 मई को ही कांग्रेस का दामन थामा है। कांग्रेस में आते ही सरकार ने साय को हाथों हाथ लिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हर बड़े कार्यक्रम में साय नजर आ रहे हैं। साय भाजपा में तीन बार के सांसद और तीन बार के विधायक हैं। वे अविभाजित मध्यप्रदेश के भाजपा अध्यक्ष रहने के अलावा छत्तीसगढ़ के प्रथम नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं। (Nandkumar Sai New Post)

भाजपा में कथित उपेक्षा से नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ी है। साय भाजपा में जब तक रहे वे पार्टी के सबसे बड़े आदिवासी चेहरे के तौर पर देखे जाते थे, लेकिन कुछ समय से वे पार्टी में अपने स्थान को लेकर नाराज चल रहे थे। आदिवासियों के आरक्षण को लेकर अपने निवास के पास जेल रोड पर जब साय धरने पर बैठे थे तब भाजपा के तमाम नेताओं ने उनसे दूरी बना ली थी। साय अकेले धरने में बैठे रहते थे। उसी समय से साय और भाजपा के बीच दूरियां बढ़ती चली गई थी। (Nandkumar Sai New Post)

नंदकुमार साय के कांग्रेस में जाने से कांग्रेस के पास भाजपा पर हमले के लिए एक राजनीतिक कारण भी होगा। कांग्रेस लगातार इस बात को प्रचारित भी करेगी कि भाजपा में आदिवासियों का सम्मान नहीं है। हालांकि भाजपा की ओर से भी साय के जवाब में कांग्रेस के कुछ नेताओं को लाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी ये सिर्फ बयानों तक ही सीमित है। बता दें कि जबसे नंदकुमार कांग्रेस में शामिल हुए हैं तब से लगातार BJP नेताओं पर निशाना साधा रहे हैं। (Nandkumar Sai New Post)

Related Articles

Back to top button