अयोध्या में 60 दिनों तक चलेगा भंडारा, छत्तीसगढ़ की 6 समिति के लोग राम भक्तों को कराएंगे भोजन

Bhandara in Ayodhya: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित राम मंदिर परिसर से राम की जन्मभूमि अयोध्या में भंडारे के संचालन के लिए कार्यकर्ताओं की टीम को झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया। मुख्यमंत्री साय ने मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हम सबके लिए एक विशेष अवसर है। भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ से राम भक्त कार्यकर्ताओं और रसोइयों की टीम राम दर्शन के लिए अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को भंडारा भोज कराने रवाना हुई। भगवान राम की ही कृपा है कि 22 जनवरी को छत्तीसगढ़ के भांचा भगवान राम अयोध्या में कई सालों तक टेंट में रहने के बाद विधि-विधान से विराट मंदिर में विराजमान हुए।

यह भी पढ़ें:- छोटी-छोटी लापरवाही से बचा जाए तो बच जाएंगे अनमोल जीवन: CM विष्णुदेव साय

उन्होंने कहा कि राम मंदिर में आयोजित भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से देश भर से अयोध्या पहुंचे संतों, महात्माओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसका लाइव प्रसारण हम सबने देखा। यह इतना अद्भुत दृश्य था। हमारे भांचा राम का अलौकिक बाल विग्रह का आलोक देखते ही बन रहा था। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बहुत खुशी है कि पूरा देश ही नहीं अपितु दुनिया भी राममय हुई है। हमारे छत्तीसगढ़ में राम की प्राण प्रतिष्ठा का ज्यादा ही उत्साह है, यह होना स्वाभाविक भी है क्योंकि हम सभी राम के ननिहाल वाले हैं। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की धरती है। हम ननिहाल वाले तरह-तरह से राम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं। हमने यहां से सुगंधित चावल और सब्जियां भेजी, जिसका भोग प्राण प्रतिष्ठा के दिन राम को लगाया गया। (Bhandara in Ayodhya)

CM साय ने कहा कि हमारे यहां सत्य सांई अस्पताल से डॉक्टरों की टीम भी स्वास्थ्य सेवा करने अयोध्या गई। हमारे 06 समिति के लोग अब साठ दिनों तक अयोध्या में भंडरा चलाकर रामभक्तों को भोजन कराएंगे। ऐसे लोगों को अयोध्या रवाना कराने का सौभाग्य मिला है। मैं आप सभी को बधाई और धन्यवाद देना चाहूंगा। मेरी मंगल कामना है कि छत्तीसगढ़ पर भगवान राम का आशीर्वाद बना रहे। मुख्यमंत्री साय ने भण्डारा आयोजक 06 समिति के समन्वयक धरमलाल कौशिक, समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामना देते हुए कहा कि भोजन कराना बड़े पुण्य का काम है। भंडारे की व्यवस्था में बड़ी मेहनत लगती है। इस काम की जितनी तारीफ की जाए कम है। अब छत्तीसगढ़ के लोग ट्रेन के माध्यम से अयोध्या जाएंगे। इसमें पहली ट्रेन दुर्ग से जाने वाली है। इसके बाद रायपुर, बिलासपुर फिर अंबिकापुर से श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए चार ट्रेनों में रवाना होगी। (Bhandara in Ayodhya)

मोदी की गारंटी में हमारी सरकार भगवान राम के ननिहाल वालों को उनके तीर्थ दर्शन के लिए ले जाएगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ पहुंच रही है। भगवान राम छत्तीसगढ़ के भांचा हैं और उनके दर्शन के लिए अयोध्या जाने वाले श्रद्धालु भूखे न रहे, इसकी चिंता छत्तीसगढ़ ने की है। अनाज से लेकर बड़े बर्तन और रसोईए भी इस दल के साथ अयोध्या के लिए रवाना हो रहे हैं। अयोध्या में 60 दिनों तक शबरी प्रसादालय के माध्यम से निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि पूरा देश इस उत्सव में जोर-शोर से शामिल हो रहा है। छत्तीसगढ़ राम का ननिहाल है इसलिए गांव का बच्चा-बच्चा राममय हो गया है। (Bhandara in Ayodhya)

गौरतलब है कि संपत अग्रवाल ने राम लला के ननिहाल छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाकर सेवा कार्य करने वाली समितियों को और राम सेवकों को एकजुट किया है। इन समितियों में नीलांचल सेवा समिति, स्वर्गीय पुरूषोत्तम अग्रवाल फाउंडेशन, काली मंदिर सेवा समिति, एग्रोटेक सोसायटी और अक्षत फाउंडेशन, उन्होंने बताया कि राम मंदिर के समीप सरयू तट पर लगभग एक किलोमीटर में छत्तीसगढ़ की समितियों द्वारा संचालित शबरी प्रसादालय संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक संपत अग्रवाल, विधायक गुरू खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, इस कार्यक्रम की सहसंयोजक लक्ष्मी वर्मा, राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल समेत श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित थे। (Bhandara in Ayodhya)

Related Articles

Back to top button