साय कैबिनेट ने लिया बड़ा फैसला, अब छत्तीसगढ़ में नहीं खुलेगी कोई भी नई शराब दुकान
Sai Cabinet Meeting Decision: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक हुई, जिसमें कोई भी नई शराब दुकान नहीं खोलने का फैसला लिया गया है। कैबिनेट के फैसले के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले वित्तीय वर्ष में एक भी नई शराब दुकान नहीं खोली जाएगी। इसके साथ ही बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अनुमानित बजट के मसौदे को मंजूरी मिली है। कैबिनेट ने एक और अहम फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ सिविल न्यायालय (संशोधन) विधेयक-2024 के मसौदे को मंजूरी दी है। इसके तहत जिलों में पदस्थ जजों के पदनाम में बदलाव किया गया है।
यह भी पढ़ें:- अयोध्या में 60 दिनों तक चलेगा भंडारा, छत्तीसगढ़ की 6 समिति के लोग राम भक्तों को कराएंगे भोजन
कैबिनेट की बैठक में लिए गए ये अहम फैसले
- छत्तीसगढ़ के षष्ठम विधानसभा के दूसरे सत्र फरवरी-मार्च 2024 के लिए राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप का अनुमोदन किया गया। (Sai Cabinet Meeting Decision)
- तृतीय अनुपूरक अनुमान साल 2023-2024 का विधानसभा में उपस्थापन के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2024 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
- बजट अनुमान साल 2024-25 का विधानसभा में उपस्थापन के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2024 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
- छत्तीसगढ़ आबकारी नीति वित्तीय वर्ष 2024-25 का अनुमोदन किया गया है। यह निर्णय लिया गया है कि कोई भी नई शराब दुकान नहीं खोली जाएगी। (Sai Cabinet Meeting Decision)
- छत्तीसगढ़ सिविल न्यायालय (संशोधन) विधेयक-2024 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया है। इस संशोधन में ‘जिला न्यायाधीश‘ को ‘प्रधान जिला न्यायाधीश‘ और ‘अपर जिला न्यायाधीश‘ को ‘जिला न्यायाधीश‘ करने का प्रावधान रखा गया है। इसी तरह ‘व्यवहार न्यायाधीश प्रथम वर्ग‘ को ‘व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी‘ और ‘व्यवहार न्यायाधीश द्वितीय वर्ग‘ को ‘व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी‘ समेत ‘जिला न्यायालय‘ को ‘प्रधान जिला न्यायालय‘ से प्रतिस्थापित करने का प्रावधान रखा गया है।
- बिलासपुर हाईकोर्ट में ज्वाइंट रजिस्ट्रार (एम) के 5 पद आकस्मिकता निधि से सृजित करने का निर्णय लिया गया है।
छत्तीसगढ़ में 5 फरवरी से बजट सत्र
बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 5 फरवरी से शुरू होगा, जो 1 मार्च तक चलेगा। इस दौरान कुल 20 बैठकें होंगी। बजट सत्र कार्यक्रम के मुताबिक सत्र की शुरुआत राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के भाषण से होगी। उसी दिन सरकार राज्यपाल के ज्ञापन पर कृतज्ञता जताने का प्रस्ताव लेकर आएगी। अगले दिन से उस पर चर्चा होनी है। सत्र के दौरान ही वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस दौरान छत्तीसगढ़ को कई सौगातें मिल सकती हैं। चुनावी घोषणा ‘मोदी की गारंटी’ को लेकर बड़ी योजनाएं आ सकती हैं। छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार बनने के बाद यह दूसरा सत्र होगा। इससे पहले 3 दिन का शीत सत्र 19 दिसंबर से हुआ था। इस सत्र के आखिरी दिन 12 हजार 992 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पास हुआ था। (Sai Cabinet Meeting Decision)



