आधुनिक चिकित्सा ने बदली माता-पिता बनने की तस्वीर, अब बांझपन नहीं बनेगा बाधा, सरोगेसी और IVF ने बदली जिंदगी

Techniques For Becoming Parents: एक समय ऐसा था, जब किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल जटिलता के कारण कई दंपतियों के लिए माता-पिता बनना लगभग असंभव माना जाता था। संतान सुख की चाह में लोग सालों तक इलाज कराते थे, कई बार शहर-दर-शहर भटकते थे और कुछ मामलों में अंधविश्वास का भी सहारा लेते थे। हालांकि चिकित्सा विज्ञान में हुई अभूतपूर्व प्रगति ने आज इस तस्वीर को काफी हद तक बदल दिया है। आधुनिक तकनीकों जैसे सरोगेसी और इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) ने उन लाखों लोगों को नई उम्मीद दी है, जो प्राकृतिक रूप से संतान प्राप्ति में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में नशे का बढ़ता जाल, पुलिस की कार्रवाई जारी, लेकिन नहीं टूट रहा तस्करों का नेटवर्क, युवा पीढ़ी पर सबसे बड़ा खतरा
विशेषज्ञों का मानना है कि आज चिकित्सा क्षेत्र में ऐसे कई विकल्प उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से बांझपन, बार-बार गर्भपात या गर्भाशय संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे दंपति भी माता-पिता बनने का सपना पूरा कर सकते हैं। इसके बावजूद समाज में इन तकनीकों को लेकर पर्याप्त जागरूकता नहीं है। कई लोग इसकी कानूनी प्रक्रिया को जटिल मानते हैं, जबकि कुछ लोग ज्यादा खर्च और सामाजिक संकोच के कारण इन विकल्पों को अपनाने से बचते हैं। हालांकि पिछले कुछ सालों में सरोगेसी और IVF को लेकर लोगों का नजरिया बदलता दिखाई दिया है। बॉलीवुड की कई हस्तियों से लेकर आम परिवारों तक, बड़ी संख्या में लोग इन आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की मदद से माता-पिता बनने का सुख प्राप्त कर चुके हैं। इसके बावजूद ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में अभी भी जागरूकता की कमी देखने को मिलती है।
क्या है सरोगेसी ?
सरोगेसी एक मेडिकल और कानूनी प्रक्रिया है, जिसमें एक महिला यानी सरोगेट मदर किसी अन्य दंपति या व्यक्ति के लिए अपने गर्भ में बच्चे को धारण करती है और निर्धारित अवधि तक उसका पालन-पोषण गर्भ में करती है। यह प्रक्रिया आमतौर पर तब अपनाई जाती है, जब किसी महिला के लिए गर्भधारण करना संभव नहीं होता, बार-बार गर्भपात की समस्या होती है या गर्भाशय से जुड़ी कोई गंभीर चिकित्सकीय परेशानी मौजूद होती है। सरोगेसी 2 के प्रकार के होते हैं। पहला जेस्टेशनल सरोगेसी, जिसमें सरोगेट महिला के अंडाणु का उपयोग नहीं किया जाता। भ्रूण इच्छुक माता-पिता के अंडाणु और शुक्राणु या डोनर की मदद से तैयार किया जाता है और उसे सरोगेट के गर्भ में स्थापित किया जाता है। दूसरा- ट्रेडिशनल सरोगेसी, जिसमें सरोगेट महिला के अंडाणु का ही उपयोग किया जाता है। इस स्थिति में सरोगेट महिला का बच्चे से जैविक संबंध भी होता है। हालांकि वर्तमान समय में अधिकांश मामलों में जेस्टेशनल सरोगेसी को प्राथमिकता दी जाती है।
सरोगेसी और IVF में क्या अंतर ?
सरोगेसी और IVF दोनों ही प्रजनन संबंधी आधुनिक तकनीकें हैं, लेकिन दोनों की प्रक्रिया और उद्देश्य अलग-अलग होते हैं। IVF में इच्छुक महिला खुद गर्भधारण करती है, जबकि सरोगेसी में गर्भधारण सरोगेट महिला करती है। लागत के लिहाज से सरोगेसी अपेक्षाकृत ज्यादा महंगी मानी जाती है, क्योंकि इसमें मेडिकल प्रक्रिया के साथ कानूनी औपचारिकताएं भी शामिल होती हैं। वहीं IVF मुख्य रूप से चिकित्सा आधारित प्रक्रिया है और इसकी लागत सरोगेसी की तुलना में कम होती है। भावनात्मक दृष्टि से भी दोनों प्रक्रियाओं में अंतर है। IVF में महिला खुद गर्भधारण करती है, जिससे गर्भावस्था के दौरान भावनात्मक जुड़ाव ज्यादा महसूस होता है। दूसरी ओर सरोगेसी में बच्चा सरोगेट महिला के गर्भ में पलता है, इसलिए इच्छुक मां खुद गर्भधारण नहीं करती। (Techniques For Becoming Parents)
सरोगेसी के प्रमुख फायदे
सरोगेसी उन दंपतियों के लिए उम्मीद की नई किरण साबित हुई है, जिनके लिए प्राकृतिक रूप से गर्भधारण संभव नहीं है। यह प्रक्रिया गंभीर चिकित्सकीय समस्याओं से जूझ रहे लोगों को माता-पिता बनने का अवसर देती है। इसके अलावा LGBTQ+ समुदाय के कई लोगों के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण विकल्प बनकर उभरी है। सरोगेसी के माध्यम से गर्भावस्था से जुड़े कई मेडिकल जोखिमों से बचाव संभव होता है और वर्तमान कानूनी व्यवस्था इस प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में मदद करती है। (Techniques For Becoming Parents)
IVF के फायदे
IVF को आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का एक भरोसेमंद और प्रभावी विकल्प माना जाता है। पहली बार माता-पिता बनने की कोशिश कर रहे दंपतियों के लिए यह अपेक्षाकृत सरल प्रक्रिया है। चिकित्सा तकनीक में लगातार सुधार के कारण इसकी सफलता दर भी बढ़ रही है। IVF के जरिए आनुवंशिक जांच की सुविधा उपलब्ध होती है, जिससे कुछ आनुवंशिक बीमारियों की पहचान संभव हो पाती है। इसके अलावा भ्रूण को सुरक्षित रखकर भविष्य में उपयोग करने की सुविधा भी मिलती है, जिससे प्रजनन क्षमता के संरक्षण में मदद मिलती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सरोगेसी और IVF जैसी तकनीकें केवल चिकित्सा विकल्प नहीं, बल्कि उन परिवारों के लिए नई उम्मीद हैं जो संतान सुख की इच्छा रखते हैं। जरूरत है सही जानकारी, जागरूकता और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर उचित फैसले लेने की।




