Google Analytics —— Meta Pixel

रायगढ़ में नशे का बढ़ता जाल, पुलिस की कार्रवाई जारी, लेकिन नहीं टूट रहा तस्करों का नेटवर्क, युवा पीढ़ी पर सबसे बड़ा खतरा

Narcotics Smuggling in Raigarh: छत्तीसगढ़ में नशे का अवैध कारोबार लगातार फैलता जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बावजूद नशे के बड़े नेटवर्क और सरगनाओं तक पहुंचना अब भी चुनौती बना हुआ है। सीमावर्ती जिला होने के कारण रायगढ़ नशे के कारोबार का एक ट्रांजिट प्वाइंट बन गया है, जहां से गांजा, अवैध शराब, नशीले इंजेक्शन, कैप्सूल और अन्य मादक पदार्थों की सप्लाई न सिर्फ जिले में बल्कि प्रदेश के अन्य हिस्सों तक की जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के कई वार्ड और इलाके ऐसे हैं, जहां शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थ आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि बड़ी संख्या में नाबालिग और युवा इस नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस ने रायपुर के बीजेपी सातों विधायकों के खिलाफ खोला मोर्चा, कहा- विधायक निधि खर्च करने में फेल, दावे सिर्फ हवाहवाई, बीजेपी बोली- झूठ बोलना का काम करती है कांग्रेस  

बता दें कि रायगढ़ जिला ओडिशा से लगा हुआ है। पुलिस के मुताबिक ओडिशा से गांजा और अन्य मादक पदार्थों की खेप रायगढ़ के रास्ते सारंगढ़, बिलासपुर और मध्यप्रदेश तक पहुंचाई जाती है। इसी वजह से यह क्षेत्र नशा तस्करों के लिए एक तरह का ग्रीन कॉरिडोर बन चुका है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन ज्यादातर मामलों में सिर्फ सप्लायर या परिवहनकर्ता ही गिरफ्त में आते हैं। नशे के पूरे नेटवर्क और उसके मास्टरमाइंड तक पहुंचना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। हाल ही में रायगढ़ पुलिस ने ओडिशा से आ रही लगभग 300 किलो गांजा की खेप जब्त कर तस्करों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा कुछ दिनों पहले ही अवैध शराब के एक बड़े नेटवर्क का भी भंडाफोड़ किया गया, जिसमें चायपत्ती और अन्य रासायनिक पदार्थ मिलाकर नकली शराब तैयार की जा रही थी।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 809 बोतल मिलावटी शराब जब्त की, नकली होलोग्राम, शराब की बोतलें, फर्जी स्टीकर और शराब निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की थी। रायगढ़ पुलिस के मुताबिक साल 2022 से मई 2026 तक NDPS एक्ट के तहत कुल 172 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 295 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। साल 2022 से मई 2026 तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 2206 किलोग्राम गांजा, 2963 किलोग्राम अफीम, 2495 प्रतिबंधित सिरप, 5899 नशीले कैप्सूल, 7583 नशीली टैबलेट और 3642 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। आंकड़े बताते हैं कि नशीली दवाइयों और गांजा तस्करी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। साल 2026 के पहले पांच महीनों में ही 611 किलो गांजा और 2963 किलो अफीम जब्त होना नशे के नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाता है। आंकड़े से साफ है कि जिले में सिर्फ गांजा ही नहीं, बल्कि नशीली दवाइयों और इंजेक्शनों का अवैध कारोबार भी तेजी से बढ़ा है, जो युवाओं और नाबालिगों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।

पांच सालों में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस ने पिछले पांच सालों में अवैध शराब के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया है। साल 2022 से मई 2026 तक रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 9,765 प्रकरण दर्ज किए और 9,866 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस अवधि में पुलिस ने 45,565 लीटर अवैध शराब जब्त की है। आंकड़े दर्शाते हैं कि जिले में अवैध शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा है, जिसके खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हालांकि जब्ती और गिरफ्तारी के बढ़ते आंकड़े यह भी संकेत देते हैं कि अवैध शराब का नेटवर्क अभी पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है, बल्कि बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा है। इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाने की आवश्यकता है। (Narcotics Smuggling in Raigarh)

अवैध शराब के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई

साल केस आरोपी जब्त शराब (लीटर)
2022 2383 2395 3771
2023 2620 2644 8943
2024 1818 1840 9869
2025 2009 2041 18351
2026 (मई तक) 935 946 4631

नशा और अपराध का गहरा संबंध

पुलिस का मानना है कि जिले में होने वाले कई अपराधों के पीछे नशा एक प्रमुख कारण है। मारपीट, सड़क दुर्घटनाएं, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों में नशे की भूमिका लगातार सामने आती रही है। रायगढ़ जिले के सड़क दुर्घटना आंकड़े भी चिंताजनक हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि शराब और अन्य नशे का सेवन सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। (Narcotics Smuggling in Raigarh)

सड़क हादसों के आंकड़े

साल केस मृतक घायल
2022 625 309 483
2023 619 317 545
2024 644 359 664
2025 700 382 659
2026 (अप्रैल तक) 275 155 254

नाबालिगों पर सबसे बड़ा खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक जिले में नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाओं का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। कुछ समय पहले रायगढ़ में नशीले इंजेक्शन का इस्तेमाल करने वाले तीन नाबालिगों में HIV संक्रमण मिलने का मामला भी सामने आया था, जिसने पूरे जिले को झकझोर दिया था। सामाजिक संगठनों का कहना है कि केवल कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं के पुनर्वास, काउंसलिंग और जागरूकता के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाने की आवश्यकता है। रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मुताबिक जिले में नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ अभियान चलाया जा रहा है। SSP के मुताबिक इस अभियान के तहत तीन स्तरों पर काम किया जा रहा है, पहला- गांव और शहरों में बिक रही अवैध शराब पर कार्रवाई। दूसरा- ओडिशा से आने वाली गांजा तस्करी पर निगरानी और गिरफ्तारी। तीसरा- नशीली दवाइयों और इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर विशेष अभियान।

 

उन्होंने कहा कि अधिकांश गंभीर अपराध किसी न किसी रूप में नशे से जुड़े होते हैं। कई हत्या और हिंसक घटनाएं क्षणिक आवेश में होती हैं, जहां आरोपी नशे की हालत में अपराध कर बैठता है। इसी वजह से पुलिस केवल कार्रवाई ही नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करने का भी प्रयास कर रही है। रायगढ़ में नशे के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की जब्ती भी हो रही है, लेकिन बढ़ती बरामदगी यह भी संकेत देती है कि जिले में नशे का नेटवर्क गहराई तक फैला हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ गिरफ्तारी और जब्ती से समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए जागरूकता, पुनर्वास, सामुदायिक भागीदारी और बड़े तस्करी नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके। (Narcotics Smuggling in Raigarh)

Back to top button
error: Content is protected !!