कांग्रेस ने रायपुर के बीजेपी सातों विधायकों के खिलाफ खोला मोर्चा, कहा- विधायक निधि खर्च करने में फेल, दावे सिर्फ हवाहवाई, बीजेपी बोली- झूठ बोलना का काम करती है कांग्रेस

Politics on Raipur Development: रायपुर की सियासत में विधायक निधि को लेकर घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस ने रायपुर जिले के भाजपा के सातों विधायकों पर विकास कार्यों में विफल रहने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का दावा है कि करोड़ों रुपए की विधायक निधि स्वीकृत होने के बावजूद बड़ी संख्या में काम अधूरे हैं या शुरू ही नहीं हुए। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा है कि अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं और कांग्रेस सिर्फ भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने सातों विधायकों को विधायक निधि से क्षेत्र के विकास कार्य कराने में असफल बताया है। साथ ही कहा है कि रायपुर जिले के भाजपा विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू ने क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों के नाम से धोखा दिया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय निकायों में एल्डरमैन किए नियुक्त, रायपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 11 मनोनीत पार्षद, देखें पूरी लिस्ट
धनंजय ने कहा कि मोदी की गारंटी और साय के सुशासन का गुणगान करने वाले विधायक अपने क्षेत्र में मूलभूत की सुविधा और जनता के मांग के मुताबिक विकास कार्य कराने में पूरा असफल साबित हुए हैं। ये सभी विधायक अपने क्षेत्र में कोई नया विकास कार्य या बड़ी योजना शुरू नहीं कर पाए, बल्कि विधायक निधि को भी अपने क्षेत्र में पूरा खर्च नहीं कर पाए। स्थिति यह है रायपुर जिला में कुल स्वीकृत काम में 46 प्रतिशत कार्य अधूरे हैं। जबकि 29 प्रतिशत काम शुरू ही नहीं हो पाए हैं। इसके बाद भी निर्माण एजेंसियों से कमीशन लेकर 50 प्रतिशत से ज्यादा भुगतान कर दिया गया है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि दक्षिण विधानसभा में 143 काम 3 करोड़ 96 लाख रुपए में स्वीकृत है, जिसमें सिर्फ 9 विकास काम पूरा हुए हैं, लेकिन 1 करोड़ 98 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया है। (Politics on Raipur Development)

उन्होंने कहा कि पश्चिम विधानसभा में 47 काम 3 करोड़ 96 लाख रुपए के स्वीकृत है और मात्र दो कार्य पूरा हुआ है। 17 काम अधूरा है, जबकि 28 काम शुरू ही नहीं हुए हैं और 1 करोड़ 98 लाख का भुगतान हो गया है। रायपुर ग्रामीण में 45 काम 3 करोड़ 95 लाख रुपए के स्वीकृत है, जिसमें 5 काम पूरा हुए हैं। 32 कार्य शुरू नहीं हुए। 8 कार्य अधूरे हैं और 1 करोड़ 96 लाख का भुगतान हो गया। रायपुर उत्तर में 59 काम 3 करोड़ 96 लाख रुपए के स्वीकृत है, जिसमें 6 पूरा हो चुके हैं। 10 अधूरे है। 43 कार्य शुरु नहीं हुए और 1 करोड़ 98 लाख का भुगतान हो गया। वहीं स्थित अभनपुर विधानसभा 79 काम 3 करोड़ 96 लाख के स्वीकृत हुए, जिसमें 12 पूर्ण है। 12 अधूरा है। 58 कामों की शुरुआत नहीं हुई और एक करोड़ 98 लाख का भुगतान हो गया। यही स्थित धरसींवा की भी है, जहां 49 काम तीन करोड़ 96 लाख के स्वीकृत हुए हैं, लेकिन 17 कार्य अधूरे हैं। 19 काम शुरू नहीं हो पाया है और 1 करोड़ 98 लाख का भुगतान हो गया।
कांग्रेस झूठ बोलना का काम करती है: बीजेपी
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आरंग विधानसभा में 50 प्रतिशत काम ही हो पाया है। ठाकुर ने कहा कि रायपुर जिले के भाजपा विधायकों को क्षेत्र की जनता को बताना चाहिए कि विकास काम क्यों नहीं हुए? ये इनकी असफलता का रिपोर्ट कार्ड है। ये लाख दावा कर ले सब कुछ ठीक होने का, लेकिन सच्चाई यही है कि विकास कार्यों को कराने की साहस और क्षमता इनमें नहीं है, सरकार में इनकी नहीं सुनी जाती है। इनके दावे खोखले है। इस पर बीजेपी ने पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती ने कहा कि कांग्रेस परिकल्पना मान कर आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप पूरी तरह निराधार और असत्य है, जितने भी विकास काम स्वीकृत किए गए हैं, उनकी अनुशंसा की गई है। बहुत से काम प्रगति पर है तो कई काम पूरे हो गए हैं। कांग्रेस झूठ बोलना का काम करती है। हमारी सरकार तो भूपेश सरकार के अधूरे कामों को भी पूरा करने का काम कर रही है। (Politics on Raipur Development)
किस क्षेत्र में कौन हैं विधायक ?
- पुरंदर मिश्रा, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र
- सुनील सोनी, रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र
- राजेश मूणत, रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र
- मोतीलाल साहू, रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र
- गुरु खुशवंत साहेब, आरंग विधानसभा क्षेत्र
- अनुज शर्मा, धरसींवा विधानसभा क्षेत्र
- इंद्र कुमार साहू, अभनपुर विधानसभा क्षेत्र



