PM मोदी को गाली देने का मामला, तेजस्वी यादव बोले- विदेश में ठहाके लगा रहे थे प्रधानमंत्री, देश में आए तो उनको रोना आया
Tejashwi on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर सियासत जारी है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लेकर आपत्ति जताई, जिसे लेकर RJD नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव ने कहा कि किसी की भी मां को अपशब्द नहीं बोलना चाहिए। हम इसके पक्षधर नहीं हैं, ये हमारे संस्कार में नहीं है। लेकिन 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड बोलने वाले मोदी जी हैं, सोनिया गांधी जी को इतनी भद्दी-भद्दी गालियां दी गई, नीतीश कुमार के DNA पर सवाल उठाए गए। मुझे भाजपा विधायकों ने मां-बहनों की गालियां सदन में दी। भाजपा के प्रवक्ता कई बार महिलाओं का अपमान लाइव कैमरे पर करते हैं। प्रधानमंत्री इतने दिनों से विदेश में थे यहां आए तो उनको रोना आया विदेश में ठहाके लगा रहे थे।
राजद नेता और पूर्व CM लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री ठीक बोल रहे हैं। किसी को किसी की माता या बहन को गाली देने का अधिकार नहीं है। लेकिन यही बात उन पर भी लागू होती है, जब वे सोनिया गांधी और कांग्रेस की महिलाओं के लिए भद्दी बातें बोल रहे थे। इसके लिए तो प्रधानमंत्री ने आज तक माफी नहीं मांगी। क्या भाजपा के नेताओं ने माफी मांगी ? क्या इसके लिए बिहार की जनता उन्हें छोड़ देगी ? TMC नेता कुणाल घोष ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई विकास पर होनी चाहिए थी। किसी की मां के खिलाफ किसी प्रकार के बयान का हम समर्थन नहीं करते हैं। अगर कोई व्यक्ति पीएम मोदी की मां को लेकर कोई टिप्पणी की तो हम इसका समर्थन नहीं करते हैं। लेकिन भाजपा और खुद नरेंद्र मोदी क्या करते हैं ? भाजपा के नेता प्रतिपक्ष ममता जी के बारे में क्या-क्या बुरे शब्द नहीं बोलते हैं। तब आपका विवेक कहां था? हम आपकी मां की इज्जत करते हैं लेकिन आपको भी हमारी दीदी की इज्जत करनी पड़ेगी। (Tejashwi on PM Modi)
कांग्रेस 130 साल से संयम, संस्कारों वाली पार्टी: पायलट
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर कहा कि कांग्रेस 130 साल से संयम, संस्कारों और अनुशासन वाली पार्टी है। मैं ऐसे शब्दों की भर्त्सना करता हूं, जिस व्यक्ति ने ऐसे शब्दों का प्रयोग किया है, उसका हमारी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। यदि कोई किसी के मंच पर चढ़ जाए और ऐसा कुछ बोले तो उसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए लेकिन राजनीति विकास को लेकर होनी चाहिए। इतने सालों से नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं, उसका जवाब दीजिए, 11 साल से जो डबल इंजन की सरकार है उस पर विवरण दीजिए, नौकरी पर, निवेश पर जवाब दें। इन मुद्दों पर तो सभी लोगों की एक ही राय है कि सभी बुजुर्ग और सभी के माता-पिता सम्मानित हैं। इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। समाजवादी पार्टी के नेता मनोज काका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर सचमुच महिलाओं और मां के सम्मान की बात करनी है, तो इसकी शुरुआत BJP के अपने प्रवक्ताओं से करनी चाहिए। मां के सम्मान करने वाली सीख सर्वप्रथम अपने पार्टी के बेहूदा गालीबाज प्रवक्ताओं को देना चाहिए। (Tejashwi on PM Modi)



