जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के साथ मुठभेड़, दो आतंकी ढेर, पहलगाम आतंकी हमले के बाद से अब तक 23 आतंकवादी मारे गए

Terrorists Encounter in Jammu: जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। सेना के अनुसार नियंत्रण रेखा के पास नौशहरा नारद इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर संयुक्त अभियान चलाया गया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और उन्हें चुनौती दी। इसके बाद आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए। अभियान अभी भी जारी है। भारतीय सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना के समन्वय से चलाया जा रहा है। मारे गए आतंकियों की पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है।
इससे पहले 2 अगस्त को कुलगाम जिले के अखल देवसर इलाके में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के तीन आतंकवादी मारे गए थे। यह ऑपरेशन 12 दिन तक चला था, जिसमें सेना के दो जवान भी शहीद हुए थे। वहीं 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद से अब तक जम्मू-कश्मीर में सात अलग-अलग मुठभेड़ों में 23 आतंकवादी मारे जा चुके हैं। इनमें से 12 पाकिस्तानी नागरिक और 9 स्थानीय आतंकी थे। इधर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 81 लाख रुपए के 20 इनामी समेत 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसे लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आत्मसमर्पण हमारी सरकार की नवीन पुनर्वास नीति, नियद नेल्ला नार योजना और सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई का परिणाम है। (Terrorists Encounter in Jammu)
मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में हमारी सरकार ने बस्तर के लोगों का विश्वास जीता है, उसी का परिणाम है कि लगातार माओवादी संगठन कमजोर हो रहे हैं और बड़ी संख्या में वे हिंसा का रास्ता छोड़ रहे हैं। बस्तर अंचल में नक्सलवाद कमजोर हो रहा है और बस्तर तेजी से शांति और विकास की ओर बढ़ रहा है। हमारी डबल इंजन की सरकार मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर क्षेत्र के बीजापुर में 30 नक्सलियों का पुनर्वास किया गया है। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या में से एक है। यह छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति, जवानों की बहादुरी और सरकार के विकास कार्यों का परिणाम है। हम नक्सलियों से बार-बार अपील करते हैं कि वे मुख्यधारा में आएं और अपना जीवन सुधारें। (Terrorists Encounter in Jammu)



