Google Analytics —— Meta Pixel

ठाणे हादसे में जान गंवाने वालों की बढ़ी संख्या, अब तक 20 मजदूरों की मौत

Thane Accident: महाराष्ट्र के ठाणे हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ गई है। दरअसल, समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे पर शाहपुर के पास सरलांबे में  पुल निर्माण के दौरान एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है। हाईवे पर रात में निर्माण कार्य चल रहा था। जानकारी के मुताबिक गर्डर मशीन 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई। इसके नीचे अब भी कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है। NDRF के असिस्टेंट कमांडर सारंग कुर्वे ने बताया कि रेस्क्यू का काम सुबह से लगातार जारी है।

यह भी पढ़ें:- लोकसभा में पेश हुआ दिल्ली अध्यादेश बिल, सदन में विपक्षी नेताओं ने लगाए शेम-शेम के नारे

बता दें कि गर्डर मशीन का वजन काफी होने से उसे जल्दी से हटाया नहीं जा सका। सुबह क्रेन आने के बाद रेस्क्यू काम में तेजी आई। शाहपुर सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में 20 शव लाए जा चुके हैं। इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सुबह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। साथ ही CM शिंदे ने कहा कि मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यहां पर स्विट्जरलैंड की कंपनी काम कर रही थी। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। (Thane Accident)

आपको बता दें कि समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे डिप्टी CM देवेन्द्र फडणवीस की महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसका नाम ‘हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे’ महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग है। ये हाइवे मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाला 701 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है। जो नागपुर, वाशिम, वर्धा, अहमदनगर, बुलढाणा, औरंगाबाद, अमरावती, जालना, नासिक और ठाणे समेत दस जिलों से होकर गुजरता है। हाईवे का निर्माण कार्य तीन फेज में हो रहा है। दो फेज का काम पूरा हो चुका है। तीसरे फेज का काम ठाणे जिले में चल रहा है। यह हादसा ठाणे के शाहपुर इलाके के सरलांबे में हुआ। (Thane Accident)

जानकारी के मुताबिक दिसंबर 2022 में उद्घाटन के बाद से अब तक समृद्धि एक्सप्रेस वे पर 846 हादसे हुए हैं। इनमें से 105 हादसे जानलेवा थे, जिनमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सभी हादसों को मिलाकर 660 लोग घायल हुए हैं। इन हादसों में से 87 हादसे गंभीर श्रेणी के थे, जिनमें 232 लोगों को गंभीर चोटें आईं, 215 सामान्य हादसे थे जिनमें 428 लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि 275 हादसे ऐसे थे जिसमें कोई घायल नहीं हुआ। पिछले महीने भी समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में 25 लोगों की जान चली गई थी। दरअसल, नागपुर से पुणे जा रही बस बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ाराजा के पास पलट गई थी, जिससे उसमें आग लग गई थी। (Thane Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!