एकतरफा प्यार का खूनी अंजाम: युवती का गला रेता, कागज पर लिखकर बताए आरोपियों के नाम
व्हाट्सएप विवाद से जुड़ा मामला, दिनदहाड़े बाइक सवार युवकों ने किया हमला, हालत नाजुक

Chhattisgarh Crimes News : कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भारतमाला सड़क पर जुनवानी के पास घर लौट रही एक युवती पर बाइक सवार पांच युवकों ने घेरकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवती के गले पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में 16 निरीक्षक बने डीएसपी, गृह विभाग ने जारी किया पदोन्नति आदेश
घायल युवती की पहचान दिव्या कंवर (निवासी भैसमा) के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवती की स्थिति नाजुक बनी हुई है और वह बोलने की स्थिति में नहीं है। हालांकि, उसने साहस दिखाते हुए कागज पर लिखकर आरोपियों के नाम बताए, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला व्हाट्सएप पर चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी युवती को पहले से जानता था और उसे लगातार संदेश भेजता था। युवती द्वारा बातचीत से इनकार करने पर आरोपी नाराज हो गया और अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के दिन युवती अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और बिना किसी चेतावनी के गले पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती सड़क पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में सुनील, लक्की और नरसिंह (निवासी सरईपाली, सोहागपुर) सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार द्वारा युवती का मृत्यु पूर्व बयान भी दर्ज किया गया है, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उरगा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (Chhattisgarh Crimes News)
घटना के बाद भैसमा-जुनवानी क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। (Chhattisgarh Crimes News)



