राजभवन में दीपों का उत्सव, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बांटी खुशियां
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित जनप्रतिनिधि, न्यायमूर्तिगण और गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

रायपुर। दीपावली पर्व के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में राजभवन परिसर में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए राज्य की शांति, सुख और समृद्धि की कामना की।
यह भी पढ़े :- राष्ट्रपति ने बालोद जिले को दिया स्क्रीन फेलिसिटेशन अवार्ड
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने राज्यपाल एवं प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में राज्यपाल के परिजन भी शामिल रहे।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। राउत नाच की मनमोहक प्रस्तुति श्री केशव राम यादव एवं दल ने दी, जबकि सूफी गायक पद्मश्री मदन चौहान और विधायक अनुज शर्मा के भजन गायन ने समारोह के माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कई गणमान्य हुए शामिल
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सांसद रूपकुमारी चौधरी, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधायकगण और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



