Google Analytics —— Meta Pixel

Balodabazar News : बच्चों की जान से खिलवाड़ पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सभी को 25-25 हजार का मुआवजा

Balodabazar News : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से मिड डे मील योजना में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। पलारी ब्लॉक के लच्छनपुर शासकीय मिडिल स्कूल में 28 जुलाई को बच्चों को वह खाना परोस दिया गया जिसे कुत्ते ने जूठा कर दिया था। घटना के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया और इसे बच्चों की जान से खिलवाड़ बताया। अदालत के निर्देश पर राज्य सरकार ने प्रभावित 84 बच्चों को 25-25 हजार रुपये मुआवजा दिया है।

यह भी पढ़े :- बस्तर फिर दहला: नक्सली पैटर्न पर दो ग्रामीणों की बेरहमी से हत्या

ऐसे हुआ मामला उजागर

घटना वाले दिन जय लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिलाएं भोजन परोस रही थीं। इस दौरान एक आवारा कुत्ता किचन के पास रखी सब्जी में मुंह लगाकर चला गया। कुछ बच्चों ने यह घटना देख ली और शिक्षकों को बताया।
शिक्षकों ने समूह की महिलाओं को चेतावनी देते हुए बच्चों को वह सब्जी न परोसने की बात कही, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि “खाना जूठा नहीं हुआ है।” इसके बाद 84 बच्चों को वही सब्जी परोस दी गई।

बच्चों का इलाज और हंगामा

मामले की जानकारी मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। सभी बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां 78 बच्चों को एंटी-रेबीज टीका लगाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बयान दर्ज किए।

हाईकोर्ट की सख्ती

घटना मीडिया में आने के बाद मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायमूर्ति बीडी गुरु की खंडपीठ ने इस पर स्वत: संज्ञान लिया। अदालत ने सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को तत्काल मुआवजा देने का निर्देश दिया। आदेश का पालन करते हुए सभी बच्चों को 25-25 हजार रुपये का भुगतान किया गया। (Balodabazar News)

कार्रवाई

प्रशासन ने घटना के बाद स्कूल के प्रधानपाठक और दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया। वहीं, स्व-सहायता समूह का ठेका रद्द कर दिया गया। हाईकोर्ट की इस सख्ती ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। (Balodabazar News)

Back to top button
error: Content is protected !!