Google Analytics —— Meta Pixel

नया रायपुर स्थित IIIT हॉस्टल में बड़ी चोरी, 15 लैपटॉप लेकर फरार हुआ शातिर चोर

Theft at IIIT Naya Raipur: नया रायपुर स्थित IIIT में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। दरअसल, संस्थान के हॉस्टल से करीब 15 लैपटॉप चोरी होने से छात्रों और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना उस समय हुई जब अधिकांश छात्र परीक्षा देने कॉलेज गए हुए थे। इसी दौरान एक शातिर युवक हॉस्टल में काम करने का बहाना बनाकर अंदर घुसा और कमरों से लैपटॉप पार कर फरार हो गया।

यह भी पढ़ें:- तीन साल से अटकी वन रक्षक भर्ती, वन मंत्री के बंगले पहुंचे नाराज अभ्यर्थी

जानकारी के मुताबिक घटना नया रायपुर क्षेत्र स्थित संस्थान के छात्रावास की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी देर तक हॉस्टल परिसर में घूमता रहा और मौका मिलते ही छात्रों के कमरों को निशाना बनाया। चोरी की पूरी वारदात हॉस्टल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग लेकर हॉस्टल के भीतर आते-जाते दिखाई दिया। छात्रों ने बताया कि वे परीक्षा देने अकादमिक ब्लॉक गए हुए थे। वापस लौटने पर कमरों का सामान बिखरा मिला और कई छात्रों के लैपटॉप गायब थे।

चोरी हुए लैपटॉप की संख्या लगभग 15 बताई जा रही है। इनमें कई महंगे और प्रोजेक्ट, परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा वाले सिस्टम शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही संस्थान प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी। मामले में राखी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले भी परिसर की रेकी कर चुका था और उसे हॉस्टल की गतिविधियों की जानकारी थी। (Theft at IIIT Naya Raipur)

पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को काम करने वाला व्यक्ति बताकर सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दिया। फिलहाल आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है। इस घटना के बाद संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। छात्रों ने हॉस्टल में सुरक्षा बढ़ाने, बाहरी लोगों की एंट्री पर सख्ती और अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है।

वहीं संस्थान प्रशासन ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। बता दें कि IIIT राज्य का प्रमुख तकनीकी संस्थान माना जाता है, जहां देशभर से छात्र पढ़ाई करने आते हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। संस्थान प्रशासन ने छात्रों को सुरक्षा बढ़ाने का भरोसा दिलाया है, वहीं इस घटना के बाद हॉस्टल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक शातिर चोर को पकड़कर चोरी हुए लैपटॉप बरामद कर पाती है।

Back to top button
error: Content is protected !!