ऑपरेशन सिंदूर में नहीं हुई थी मध्यस्थता… पाकिस्तान ने खुद खोली ट्रंप के दावे की पोल

Operation Sindoor : पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर संघर्ष (Operation Sindoor) के कई महीनों बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार का बयान सामने आया है। उन्होंने स्वीकार किया कि भारत ने कभी भी किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता के लिए सहमति नहीं दी थी।
यह भी पढ़े :- पीएम मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे पर सरकार ने कसी कमर, उच्च स्तरीय बैठक आयोजित
इशाक डार ने एक कार्यक्रम में कहा कि पाकिस्तान ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मध्यस्थता को लेकर सवाल किया था, लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार दावा कर चुके थे कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराने में भूमिका निभाई थी। अब पाकिस्तानी विदेश मंत्री के बयान से ट्रंप के सभी दावों की पोल खुल गई है।
इशाक डार ने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है और भारत जिस तरह चाहे उसी तरह बातचीत की जाएगी, लेकिन पाकिस्तान इसके लिए भीख नहीं मांगेगा। उनका कहना था कि बातचीत से ही हल निकल सकता है और अगर भारत तैयार नहीं है, तो पाकिस्तान दबाव नहीं डालेगा।
गौरतलब है कि ट्रंप अब तक 30 से ज्यादा बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराया। लेकिन भारत लगातार कहता रहा है कि यह फैसला दोनों देशों की सेनाओं के डीजीएमओ के बीच सीधी बातचीत से हुआ था। अब पाकिस्तान का आधिकारिक बयान भी भारत के रुख की पुष्टि करता है। (Operation Sindoor)



