Ambedkar Remark Row : इन्होंने हमारी नीली क्रांति को फैशन शो बना दिया, राहुल और प्रियंका गांधी पर भड़के आकाश आनंद

Ambedkar Remark Row : संसद का शीतकालीन सत्र खत्म हो चुका है लेकिन सत्र के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेता और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बयान पर राजनीति अभी भी जारी है. बहुजन समाज पार्टी के आंदोलन और प्रदर्शन के बीच उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भतीजे आकाश आनंद विपक्ष पर जमकर भड़के हैं. मंगलवार को सोशल मीडिया साइट एक्स पर आकाश आनंद ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है.
यह भी पढ़े :- लहसुन 40 से 400 पहुंच गया, महंगाई की मार से कराह रही आम जनता और सरकार सो रही है : राहुल गांधी
आकाश आनंद ने राहुल-प्रियंका द्वारा नीले रंग में कपड़े पहनने् और अरविंद केजरीवाल के उस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें एक एआई वीडियो के जरिए बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर उन्हें आशीर्वाद देते दिख रहे थे.
सोशल मीडिया साइट एक्स पर आकाश ने लिखा- करोड़ों शोषितों, वंचितों और गरीबों के लिए बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर भगवान ही हैं. लेकिन वोटों के लिए उनके नाम का इस्तेमाल करना आज कल एक फैशन हो गया है. पहले देश के गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में उनका अपमान किया, फिर राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने हमारी नीली क्रांति को फैशन शो बनाया और उसके बाद अरविंद केजरीवाल ने बाबा साहेब की छवि के साथ छेड़छाड़ की. देश के दलित, शोषित, वंचित उपेक्षितों के आत्म-सम्मान के लिए बीएसपी का मिशन जारी रहेगा. गृहमंत्री अमित शाह को पश्चाताप करना ही पड़ेगा.
बता दें कि बसपा का भी आज दिल्ली में प्रदर्शन है. पार्टी आज लखनऊ में दोपहर एक बजे विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी और इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा.
अमित शाह ने क्या कहा था?
इस विवाद की शुरुआत 17 दिसंबर को अमित शाह के संसद में दिए एक भाषण के बाद हुई थी. राज्यसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने जवाहरलाल नेहरू की कैबिनेट से आंबेडकर के इस्तीफे के बारे में बात कर रहे थे. करीब डेढ़ घंटे की स्पीच में 1 घंटा 7 मिनट के आसपास अमित शाह ने कहा, “अभी एक फैशन हो गया है.. आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर. इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता.
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा था कि हमें तो आनंद है कि आंबेडकर का नाम लेते हैं. आंबेडकर का नाम अभी सौ बार ज्यादा लो. परंतु आंबेडकर जी के प्रति आपका भाव क्या है ये मैं बताता हूं. आंबेडकर जी को देश कि पहली कैबिनेट से इस्तीफा क्यों दे दिया”. (Ambedkar Remark Row)
गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा था कि उन्होंने (आंबेडकर) कई बार कहा कि वह अनुसूचित जातियों और जनजातियों के साथ होने वाले व्यवहार से असंतुष्ट हैं. उन्होंने सरकार की विदेश नीति से असहमति जताई थी, अनुच्छेद 370 से भी सहमत नहीं थे. आंबेडकर को आश्वासन दिया गया था, जो पूरा नहीं हुआ, इसलिए उन्होंने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था. (Ambedkar Remark Row)



