STF के हत्थे चढ़ा TMC का ‘पुष्पा’ जहांगीर खान, विदेश भागने की थी तैयारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल एसटीएफ (STF) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के चर्चित नेता जहांगीर खान को नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह नेपाल के रास्ते देश छोड़कर भागने की फिराक में था। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया गया।
जानकारी के अनुसार, जहांगीर खान पश्चिम बंगाल-नेपाल सीमा पर स्थित पशुपतिनाथ मार्केट के रास्ते नेपाल पहुंच गया था और वहीं छिपकर रह रहा था। लंबे समय से फरार चल रहे जहांगीर की तलाश सुरक्षा एजेंसियां कर रही थीं।
जहांगीर खान को टीएमसी सांसद और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का करीबी सहयोगी माना जाता है। फलता क्षेत्र में उसकी कथित दबंगई को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आती रही हैं। उस पर लूटपाट, जबरन वसूली और अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लगते रहे हैं।
चुनाव से जुड़े मामलों में जांच
जहांगीर खान पर वर्ष 2024 के चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, अवैध वसूली, जमीन कब्जाने और आय से अधिक संपत्ति रखने जैसे गंभीर आरोप लगे थे। इसके अलावा मतदाता सूची से जुड़े विवादों में भी उसका नाम सामने आया था। भाजपा नेताओं ने भी समय-समय पर उसके खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थीं।
विदेश भागने की थी योजना
सूत्रों के मुताबिक, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही जहांगीर सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहा था। बताया जा रहा है कि उसने विदेश भागने की योजना बनाई थी, लेकिन एसटीएफ ने समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है और संबंधित एजेंसियां विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
यह भी पढ़े :- इंस्टाग्राम पर दोस्ती, प्यार का झांसा और दुष्कर्म, 15 साल की नाबालिग हुई दो माह की गर्भवती, 2 युवकों ने बनाया शिकार



