Google Analytics —— Meta Pixel

‘आज पूरा विश्व राममय है…’ राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराने के बाद बोले PM मोदी

Ram Mandir Dhwajarohan : श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आज मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण साकार हुआ। अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज (Ram Mandir Dhwajarohan ) फहराया। भगवा केसरिया रंग से सजा यह ध्वज जैसे ही लहराया, पूरी रामनगरी उत्सव के रंग में डूब गई। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर रामलला को प्रणाम किया और कहा—“आज पूरा विश्व राममय है, हर राम भक्त के हृदय में भगवान राम विराजमान हैं।

यह भी पढ़े :- 48 लाख के इनामी 15 नक्सलियों ने किया सरेंडर, सबसे ताकतवर बटालियन नंबर-1 को बड़ा झटका

“सदियों बाद घाव भर रहा है”- PM मोदी

ध्वजारोहण के पश्चात अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा:- “आज अयोध्या नगरी भारत की सांस्कृतिक चेतना के एक और उत्कर्ष-बिंदु की साक्षी बन रही है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर का यह ध्वजारोहण अद्वितीय और अलौकिक है। यह केवल ध्वज नहीं—भारतीय सभ्यता के पुनर्जागरण का प्रतीक है। सदियों की वेदना आज विराम पा रही है और सदियों का संकल्प सिद्धि को प्राप्त हो रहा है।”

उन्होंने कहा- “यह उस यज्ञ की पूर्णाहुति है जिसकी अग्नि 500 वर्षों तक प्रज्वलित रही। आस्था का यह यज्ञ एक पल भी डिगा नहीं, एक पल के लिए भी टूटा नहीं।”

ध्वज का महत्व: “संघर्ष से सृजन की गाथा”

प्रधानमंत्री ने बताया: “इस ध्वज का भगवा रंग त्याग और तेजस्विता का प्रतीक है। इस पर अंकित ‘सूर्य’, ‘ॐ’ और वृक्ष राम राज्य की कीर्ति को दर्शाते हैं। यह ध्वज संघर्ष से सृजन, साधना से सिद्धि, और समाज की सहभागिता से बने नए अध्याय की गाथा है।”

“ऐसा समाज बनाएं जहां कोई दुखी न हो”

अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा:

“हम ऐसा भारत बनाएं जहां गरीबी न हो, कोई लाचार या दुखी न हो। जो लोग किसी कारण मंदिर नहीं आ पाते, दूर से इस ध्वज को प्रणाम कर लेते हैं—उन्हें भी उतना ही पुण्य प्राप्त होता है।”

उन्होंने आगे कहा:

“यह धर्म ध्वज दूर से ही रामलला की जन्मभूमि के दर्शन कराएगा और युगों-युगों तक श्रीराम के संदेश मानव मात्र तक पहुंचाएगा। मैं संपूर्ण विश्व के करोड़ों राम भक्तों को इस अद्वितीय अवसर की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”

“आज अशोक सिंघल जी की आत्मा को शांति मिली होगी”- मोहन भागवत

कार्यक्रम में उपस्थित आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा:- “जिन लोगों ने राम मंदिर के लिए बलिदान दिया, आज उनकी आत्मा को शांति मिली होगी। अशोक सिंघल जी को भी आज सुकून मिला होगा। ध्वज एक प्रतीक होता है—हमने इस मंदिर के माध्यम से कई आदर्शों को दुनिया की ऊँचाइयों तक पहुंचाया है। इससे समूचा विश्व शुभता की ओर अग्रसर होगा। (Ram Mandir Dhwajarohan )

केसरिया सिल्क से बना है राम मंदिर का ध्वज

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि:

  1. ध्वज शुद्ध केसरिया सिल्क से निर्मित है
  2. आकार 10 फुट × 20 फुट, त्रिकोणीय स्वरूप
  3. ध्वज पर सूर्य, ॐ और कोविदार वृक्ष के पवित्र चिह्न
  4. रंग उगते सूर्य और अग्नि का प्रतीक—त्याग, समर्पण और तेजस्विता का भाव

उन्होंने कहा कि यह क्षण इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!