टमाटर की फसल गई… बेटे ने खोया आपा, पिता को पीट-पीटकर मार डाला
बलरामपुर। प्रदेश के बलरामपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम रातासिली में एक युवक ने टमाटर की फसल बर्बाद होने के गुस्से में अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़े :- उद्योग और श्रम विभाग के आपसी समन्वय से संवर रहा है- छत्तीसगढ़
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप खलखो ने अपने खेत में टमाटर की फसल लगाई थी, जिसकी देखरेख की जिम्मेदारी उसने अपने पिता लल्लू खलखो को दी थी। 6 अप्रैल को जब वह खेत पहुंचा, तो देखा कि मवेशियों ने फसल को भारी नुकसान पहुंचा दिया है।
बताया जा रहा है कि पिता के नशे की हालत में होने के कारण फसल की सुरक्षा नहीं हो सकी, जिससे आरोपी गुस्से में आ गया। इससे पहले भी मवेशियों द्वारा चने की फसल बर्बाद हो चुकी थी, जिसको लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
गुस्से में किया हमला, नहीं पहुंचाया अस्पताल
6 अप्रैल की शाम इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि प्रदीप ने अपना आपा खो दिया और पिता पर लात-घूंसे व डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उसने पिता को अस्पताल नहीं पहुंचाया, बल्कि घर के अंदर छोड़ दिया। अंदरूनी चोटों के कारण लल्लू खलखो ने देर रात दम तोड़ दिया।
पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि, आरोपी गिरफ्तार
7 अप्रैल को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी प्रदीप खलखो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।



