बलौदाबाजार में आफत की बारिश: रिसॉर्ट में फँसे सैलानी और बाढ़ में घिरे ग्रामीणों को नगर सेना ने बचाया

बलौदाबाजार। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदियाँ और नाले उफान पर हैं, जिससे तटीय इलाकों के गाँवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई निचले इलाकों में पानी भर जाने से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों और नगर सेना (होमगार्ड) की टीमों को हाई अलर्ट पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं।
तुरमा में बाढ़ के बीच फँसे चार ग्रामीण और पालतू कुत्ता सुरक्षित निकाले गए
गुरुवार शाम प्रशासन को सूचना मिली कि तुरमा गाँव में बाढ़ का पानी अचानक बढ़ जाने के कारण चार ग्रामीण और उनका एक पालतू कुत्ता फँस गए हैं। जानकारी मिलते ही नगर सेना की टीम तुरंत मोटरबोट और आधुनिक राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची।
बाढ़ के बीच फँसे ग्रामीणों—जवाहर विश्वकर्मा (45), मिठाईलाल विश्वकर्मा (55), उर्मिला बाई (50) और मंजू विश्वकर्मा को टीम ने सुरक्षित लाइफ जैकेट पहनाकर नाव से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुँचे ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने नगर सेना की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
नगर सेना का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी पुष्पराज सिंह के मार्गदर्शन तथा मेजर सोनसाय खरे और जितेंद्र कुर्रे के नेतृत्व में यह राहत अभियान चलाया गया। 15 सदस्यीय इस बचाव दल ने मोटर बोट, लाइफ जैकेट और लाइफ बॉय जैसे अत्याधुनिक उपकरणों का प्रयोग कर रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
बल्दाकछार के रिसॉर्ट में फँसे पर्यटकों को भी सुरक्षित निकाला
एक अन्य घटना में गुरुवार सुबह ‘डायल-112’ के माध्यम से सूचना मिली कि बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ में बाढ़ का पानी भरने से कई पर्यटक फँस गए हैं। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुँचकर सभी पर्यटकों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह भी पढ़े :- PM मोदी ने 8 दिन में इंस्टाग्राम पर चौथी बार पोस्ट किया वीडियो, कहा- हर राज्य ने झेली है पेपर लीक की समस्या



