Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मंत्रालय से जिलों तक बदली प्रशासनिक कमान, 22 IAS-1 IFS और 7 राप्रसे अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

Transfers in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मंगलवार की शाम तबदलों से भरा रहा। 22 IAS और एक IFS के बाद शासन ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक उनके नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेश के मुताबिक राज्य प्रशासनिक सेवा के 2014 बैच के प्रवर श्रेणी अधिकारी उज्जवल पोरवाल को छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, नवा रायपुर में महाप्रबंधक (प्रशासन) के पद से हटाकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास मार्कफेड का अतिरिक्त प्रभार भी था।

यह भी पढ़ें:- CG Weather Today: बारिश से सुहाना हुआ मौसम, आज भी कई इलाकों में बरसेंगे बादल

इसी तरह अभिषेक कुमार गुप्ता, जो वर्तमान में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नारायणपुर बनाया गया है। राप्रसे 2015 बैच के प्रवर श्रेणी अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल को उप सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ उन्हें छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं डॉ. ऋतु वर्मा, राप्रसे 2015 बैच, प्रवर श्रेणी, को नई जिम्मेदारी देते हुए महाप्रबंधक (प्रशासन), छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, नवा रायपुर अटल नगर के पद पर पदस्थ किया गया है। (Transfers in Chhattisgarh)

राप्रसे 2016 बैच के प्रवर श्रेणी अधिकारी हेमंत कुमार मत्स्यपाल को छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (नान) में सहायक महाप्रबंधक के पद से स्थानांतरित कर उप सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा नयनतारा सिंह तोमर, राप्रसे 2014 बैच, प्रवर श्रेणी, जो अपर संचालक, चिकित्सा शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर के पद पर पदस्थ थीं, को अपर कलेक्टर, सूरजपुर बनाया गया है। वहीं मनीष मिश्रा, राप्रसे 2015 बैच, प्रवर श्रेणी, जो अपर कलेक्टर, रायपुर के पद पर पदस्थ थे, को स्थानांतरित कर उप सचिव, मंत्रालय, नवा रायपुर अटल नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। (Transfers in Chhattisgarh)

22 IAS और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना

इससे पहले 22 IAS और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना की गई थी। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में मंत्रालय से लेकर जिलों तक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। फेरबदल में 6 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, जबकि नगरीय प्रशासन, वन, खाद्य, पर्यटन, समाज कल्याण और खेल विभाग में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके साथ ही राज्य प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। यानी 18 अगस्त को जारी अलग-अलग आदेशों के जरिए प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। फेरबदल में सबसे अहम बदलाव 1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा की जिम्मेदारी में किया गया है। उन्हें प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग बनाया गया है। उनके पास विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

आर. संगीता को भेजा गया मंत्रालय

सोनमणि बोरा इससे पहले आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। करीब तीन महीने पहले ही उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें सरकार के महत्वपूर्ण विभागों में शामिल नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की कमान सौंपी गई है। नगरीय निकायों, शहरों के विकास, शहरी योजनाओं और नगरीय प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले इसी विभाग के दायरे में आते हैं। ऐसे में सोनमणि बोरा की नई जिम्मेदारी को प्रशासनिक फेरबदल की अहम कड़ी माना जा रहा है। 2005 बैच की IAS अधिकारी आर. संगीता को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव पद से हटाकर सचिव, मंत्रालय पदस्थ किया गया है। वहीं कांकेर कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को नगरीय प्रशासन और विकास विभाग का संचालक बनाया गया है। इस पद पर रहे रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

6 जिलों के बदले कलेक्टर

सरकार के इस फेरबदल में छह जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। रणबीर शर्मा को संचालक, समाज कल्याण के पद से हटाकर कलेक्टर, गरियाबंद बनाया गया है। कुंदन कुमार को कलेक्टर मुंगेली से हटाकर कलेक्टर, कांकेर बनाया गया है। अमृत विकास तोपनो को कलेक्टर सक्ती से हटाकर कलेक्टर, मुंगेली बनाया गया है। जयश्री जैन को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से हटाकर कलेक्टर, सक्ती बनाया गया है। तुलिका प्रजापति को कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से हटाकर कलेक्टर, कबीरधाम बनाया गया है। तनुजा सलाम को संचालक, खेल एवं युवा कल्याण से हटाकर कलेक्टर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।

फील्ड प्रशासन में रणबीर शर्मा की वापसी

2012 बैच के IAS अधिकारी रणबीर शर्मा को संचालक, समाज कल्याण के पद से हटाकर गरियाबंद का कलेक्टर बनाया गया है। इससे उनकी एक बार फिर जिला प्रशासन में वापसी हुई है। वहीं गरियाबंद के मौजूदा कलेक्टर भगवान सिंह उइके को सामान्य प्रशासन विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा को भी जिले से हटाकर संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इस फेरबदल में IFS अधिकारी विवेक आचार्य की जिम्मेदारियों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। वर्तमान में वे प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पद पर थे। सरकार ने उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके मूल विभाग वन विभाग को वापस कर दी हैं। विवेक आचार्य साल 2020 से संस्कृति विभाग के संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। करीब तीन महीने पहले हुए प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें संस्कृति विभाग के संचालक पद से हटाकर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी दी गई थी।

मंत्रालय और विभागों में भी बड़े बदलाव

अब एक बार फिर उनकी जिम्मेदारी बदल दी गई है। तीन महीने के भीतर उनकी पोस्टिंग दो बार बदली और अब वे संस्कृति और पर्यटन दोनों विभागों की जिम्मेदारी से बाहर हो गए हैं। सरकार ने कई अन्य विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं। भुवनेश यादव को आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। भोसकर विलास संदिपान को नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बनाया गया है। हिना अनिमेष नेताम को अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गजेन्द्र सिंह ठाकुर को संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

फेरबदल के बाद दिख सकता है बड़ा बदलाव

रोमा श्रीवास्तव को CEO, जिला पंचायत सरगुजा बनाया गया है। आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य, उद्योग और सार्वजनिक उपक्रम विभाग के साथ संचालक, खेल और युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग की जिम्मेदारी दी गई है। सौमिल रंजन चौबे को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल बनाया गया है। बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर, बिलासपुर बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं प्रशासनिक आधार पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक की गई हैं। इस बड़े फेरबदल के बाद राज्य में मंत्रालय से लेकर जिलों तक प्रशासनिक जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा। (Transfers in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!