Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में ट्रांसफर पर ब्रेक! जनगणना ड्यूटी वाले अफसर-कर्मचारियों को लेकर सरकार का बड़ा फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अहम कदम उठाया है। जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का काम प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार ने इस कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले यथासंभव नहीं करने का अनुरोध किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने सभी विभागों, संभागों और जिलों को पत्र जारी कर आगामी छह महीने अथवा जनगणना का काम पूरा होने तक, जो भी पहले हो, संबंधित अमले का स्थानांतरण नहीं करने को कहा है।

सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव मनोज कुमार जयसवार की ओर से जारी यह पत्र सभी विभागों के भारसाधक सचिवों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को भेजा गया है। विभाग का मानना है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए प्रशिक्षित अधिकारियों और कर्मचारियों की निरंतर उपलब्धता जरूरी है।

जनवरी-फरवरी 2027 में होगी जनसंख्या गणना

जारी पत्र के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण का मैदानी कार्य जनवरी और फरवरी 2027 में संपन्न कराया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए जिला, अनुविभाग और तहसील स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।

दिसंबर से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण

सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 से जिला स्तर पर जिला जनगणना अधिकारियों तथा अनुविभागीय एवं तहसील स्तर के चार्ज अधिकारियों का सघन प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। इसके बाद नवंबर 2026 में मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वहीं, 1 दिसंबर 2026 से फील्ड ट्रेनर्स और 16 दिसंबर 2026 से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू होगा। इस दौरान जनगणना के दूसरे चरण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इन अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले नहीं करने का अनुरोध

सरकार ने जनगणना कार्य में तैनात और प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यथासंभव वर्तमान पदस्थापना पर बनाए रखने को कहा है। इसमें जिला जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणक, पर्यवेक्षक और जनगणना कार्य से जुड़े अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी छह महीने अथवा जनगणना का कार्य पूरा होने तक, जो भी पहले हो, इन अधिकारियों-कर्मचारियों के स्थानांतरण से बचा जाए। इसका उद्देश्य जनगणना के मैदानी कार्य में निरंतरता बनाए रखना, प्रशिक्षण का बेहतर उपयोग करना और पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना है।

Back to top button
error: Content is protected !!