Tribal Museum Raipur : रायपुर में ट्राइबल म्यूजियम का शुभारंभ, मुख्यमंत्री बोले- आदिवासी संस्कृति को मिलेगा वैश्विक मंच

Tribal Museum Raipur : छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से नवा रायपुर में राज्य का पहला ट्राइबल म्यूजियम शुरू किया गया है। करीब 10 एकड़ क्षेत्र में बने इस संग्रहालय का लोकार्पण बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक तरीके से द्वार पूजा की और पंचतत्व व प्रकृति शक्ति की पूजा कर मंगलकामना की।

यह भी पढ़ें :- Chhattisgarh Weather update : छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, कांकेर-नारायणपुर समेत 9 जिले प्रभावित, बिजली गिरने की चेतावनी
देश-विदेश के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह संग्रहालय राज्य की आदिम संस्कृति को न केवल संरक्षित करेगा बल्कि देश-विदेश के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदिवासी विकास के लिए किए गए प्रयासों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे कार्यक्रमों से जनजातीय समाज को मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ की पहचान इसकी विविधतापूर्ण जनजातीय संस्कृति से है। प्रदेश में 43 जनजातीय समुदाय और उनकी अनेकों उपजातियाँ निवास करती हैं, जिनकी जीवनशैली, खानपान, पहनावा, वाद्ययंत्र, लोककला और नृत्य को संग्रहालय में 14 विशेष गैलरियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी जोड़ेगा
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह म्यूजियम न सिर्फ आदिवासी परंपराओं को संरक्षित करेगा, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी जोड़ेगा। उन्होंने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।
इस संग्रहालय में पारंपरिक और डिजिटल माध्यमों से आदिवासी समाज की संस्कृति को जीवंत रूप में दर्शाया गया है, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ अपनी समृद्ध विरासत को करीब से जान सकेंगी।



