बैगा आदिवासियों ने की डिप्टी CM सिंहदेव से मुलाकात, महिलाओं ने कांग खीर बनाकर भी खिलाई

Tribals Meet Singhdeo: कबीरधाम जिले के पंडरिया और बोड़ला तहसील समेत भोरमदेव और अचानकमार वन्य जीव अभयारण्य के बैगाओं ने उप मुख्यमंत्री TS सिंहदेव से रायपुर स्थित उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जल, जंगल और जमीन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और इनसे जुड़ी समस्याओं के समाधान का निवेदन किया। कबीरधाम जिले के कई गांवों से आए बैगा आदिवासियों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक वन अधिकार पट्टा, सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन, पेसा कानून, ग्रामसभा के अधिकार, बैगाओं को पर्यावास अधिकार (Habitat Right), जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन, कुपोषण, पेयजल समस्या, स्कूली शिक्षा, विद्युतीकरण, परिवहन, वनोपज खरीदी और स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के संबंध में अपनी बातें रखीं। 

यह भी पढ़ें:- युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा मौका, 1650 से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

इस पर डिप्टी CM सिंहदेव ने इन मुद्दों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। उप मुख्यमंत्री सिंहदेव से चर्चा के दौरान कुछ ग्रामीणों ने हेलीकॉप्टर में घूमने और समुद्र देखने की इच्छा जताई। इस पर डिप्टी CM सिंहदेव ने हेलीकॉप्टर से पुरी जाने और समुद्र के किनारे सैर कराने की बात कही। इसके बात बैगा आदिवासी महिलाओं ने उनकी रसोई में पहुंचकर कांग खीर बनाई। उप मुख्यमंत्री सिंहदेव को इसका स्वाद इतना भाया कि उन्होंने इसे दोबारा खाने की इच्छा जताई और खीर बनाने वाली महिलाओं से आग्रह किया कि जब वे दौरे पर उनके गांव आएंगे तो उनके लिए फिर यही खीर बनाएं। (Tribals Meet Singhdeo)

पंडरिया विकासखंड के झूमर, तिलगट्टा और छिन्दीडीह पहाड़ी क्षेत्र की बैगा आदिवासी महिलाएं रमली बाई, कलीबाई, धनिया बाई,  रामबाई,  सुकरतिन बाई और बैसखिया बाई कई लोगों के साथ  सिंहदेव से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए रायपुर आई थीं। चर्चा के दौरान कांग खीर की बात निकलने पर डिप्टी CM सिंहदेव ने बैगा महिलाओं से अपनी रसोई में ही इसे बनाने का आग्रह किया। उनके आग्रह पर इन महिलाओं ने रसोई में जाकर तुरंत खीर बनाई और मंत्री सिंहदेव समेत वहां मौजूद अन्य लोगों को इसका स्वाद कराया। इसके बाद आदिवासी चले गए। (Tribals Meet Singhdeo)

Related Articles

Back to top button