Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की PM मोदी की जमकर तारीफ, कहा- जब तक मोदी लीडर हैं, भारत हर क्षेत्र में निभाएगा बड़ी भूमिका

Trump Meet PM Modi: फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित 52वें G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों, वैश्विक सुरक्षा, पश्चिम एशिया संकट, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके बहुत अच्छे दोस्त हैं और जब तक वे भारत का नेतृत्व कर रहे हैं, भारत दुनिया के हर क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाता रहेगा। ट्रंप ने कहा कि जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में मोदी का हमेशा एक अच्छा दोस्त मौजूद रहेगा। अगर भारत या मोदी पर हमला होता है और मोदी नेतृत्व कर रहे होंगे, तो हम उनकी मदद करेंगे। 

यह भी पढ़ें:- कोरिया में BJP नेता हत्याकांड, तनाव के बीच प्रशासन ने लगाई धारा 163

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक शांत, मजबूत और प्रभावशाली नेता हैं। हालांकि उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वह खुद मोदी की तरह नहीं हैं। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय नागरिकों समेत नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि समुद्री मार्गों की सुरक्षा वैश्विक व्यापार के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान के साथ होने वाले किसी भी समझौते में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। PM मोदी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहना चाहिए और वहां नौवहन की स्वतंत्रता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प के प्रयासों और नेतृत्व की सराहना भी की।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर तेजी

दोनों नेताओं ने फरवरी 2025 में वॉशिंगटन डीसी में हुई बैठक के बाद भारत-अमेरिका कॉम्पैक्ट के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की। बैठक में रक्षा, ऊर्जा, रणनीतिक तकनीक और व्यापार के क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर संतोष व्यक्त किया गया। दोनों देशों ने अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का स्वागत किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द एक संतुलित एवं पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। इस सिलसिले में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर अगले हफ्ते भारत का दौरा करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक समझौते पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम ट्रेड डील पर काम कर रहे हैं। अमेरिका और भारत के बीच बहुत सी सकारात्मक चीजें हो रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी लंबे समय से मेरे दोस्त हैं और हमारे संबंध हमेशा अच्छे रहे हैं। ट्रम्प ने भारत में हो रहे निवेश और आर्थिक गतिविधियों की भी सराहना की। (Trump Meet PM Modi)

G7 समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और विकासशील देशों पर पड़ने की चिंता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ईंधन, उर्वरक और खाद्य आपूर्ति श्रृंखलाओं में आई बाधाओं का सबसे ज्यादा असर ग्लोबल साउथ यानी विकासशील देशों पर पड़ रहा है। PM मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को कमजोर देशों को संकट का बोझ अकेले नहीं उठाने देना चाहिए। भारत और ग्लोबल साउथ के देशों के पास युवा शक्ति और प्रतिभा की बड़ी पूंजी है, जिसे वैश्विक विकास में उपयोग किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने G7 सम्मेलन के दोनों दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय नाविकों की मौत और समुद्री सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पूरी दुनिया की जिम्मेदारी है। हाल के महीनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कई भारतीय नाविकों की जान गई है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में शामिल हो गया है। अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स के मुताबिक युद्ध और सैन्य कार्रवाई के दौरान 14 देशों के 46 जहाजों पर हमले हुए हैं, जिनमें कई भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए। (Trump Meet PM Modi)

1 मार्च को स्काईलाइट जहाज पर अमेरिकी हमले में 2 भारतीय क्रू सदस्य मारे गए। 1 मार्च को ही एमकेडी व्योम जहाज पर ड्रोन हमले के बाद विस्फोट में भारतीय नाविक दीक्षित सोलंकी की मौत हुई। 18 अप्रैल को भारतीय झंडे वाले सुपरटैंकर सनमार हेराल्ड और जग अन्नपूर्णा पर ईरानी फायरिंग हुई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। 8 जून को एमटी मैरीवेक्स पर मिसाइल हमला हुआ, जिससे जहाज क्षतिग्रस्त हो गया। 9 जून को एमटी सेट्रेटेबेलो पर हमले के बाद विस्फोट हुआ, जिसमें आदित्य शर्मा, शिवानंद चौरसिया और पटनाला सुरेश की मौत हो गई। वहीं 11 जून को एमटी सेलेस्टियल के सेकेंड ऑफिसर निशांत की मेडिकल सहायता नहीं मिलने से मौत हो गई। इन घटनाओं में अब तक 6 भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है। बैठक के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने रक्षा, तकनीक, ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। G7 सम्मेलन के दौरान हुई यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव, वैश्विक व्यापारिक चुनौतियां और समुद्री सुरक्षा दुनिया के सामने बड़ी चिंताओं के रूप में मौजूद हैं। ऐसे में भारत और अमेरिका के बीच बढ़ता सामरिक सहयोग वैश्विक राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!