Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का ईरान पर बड़ा दबाव, बोले- तेहरान को डील करनी ही पड़ेगी, परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे

Trump Warning to Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। व्हाइट हाउस में आयोजित कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि अब ईरान के पास समझौता करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि हालिया तनाव और सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान काफी कमजोर हो चुका है और उसकी अर्थव्यवस्था बुरी स्थिति में पहुंच गई है। ट्रंप ने कहा कि ईरान को लगा था कि वे मुझे इंतजार करवाकर थका देंगे। उन्हें लगा कि मेरे सामने मिडटर्म चुनाव हैं, लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं है। वे अब सिर्फ समझौता करना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें:- होर्मुज स्ट्रेट में फिर बढ़ा तनाव, ईरान ने अमेरिकी टैंकर पर की फायरिंग, अमेरिका ने भी की जवाबी कार्रवाई

उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसा समझौता चाहता है, जो पूरी तरह उसकी शर्तों के मुताबिक हो। ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर डील नहीं हुई तो अमेरिका काम पूरा करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दोहराया कि ईरान को किसी भी हाल में परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। व्हाइट हाउस की ओर से भी बयान जारी कर कहा गया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि अमेरिकी प्रशासन ने ईरानी मीडिया की उस रिपोर्ट को फर्जी बताया, जिसमें दोनों देशों के बीच शांति समझौते का ड्राफ्ट तैयार होने का दावा किया गया था।

ईरानी मीडिया ने किया था दावा

ईरानी मीडिया ने दावा किया था कि अमेरिका और ईरान के बीच एक शुरुआती मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग तैयार हुआ है। प्रस्तावित समझौते के तहत अमेरिका खाड़ी क्षेत्र से अपनी सैन्य मौजूदगी कम करेगा और नौसैनिक घेराबंदी हटाएगा। इसके बदले ईरान एक महीने के भीतर होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल शिपिंग को सामान्य स्तर पर बहाल करेगा। हालांकि ट्रंप ने साफ कर दिया कि अगर ईरान अपना हाईली एनरिच्ड यूरेनियम सौंप भी देता है, तब भी अमेरिकी प्रतिबंधों में कोई राहत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ईरान की परमाणु क्षमता अमेरिका और दुनिया के लिए खतरा बन सकती है। (Trump Warning to Iran)

रूस ने भी की ईरान से अपील

इस बीच रूस ने भी ईरान से अपील की है कि क्षेत्र में दोबारा युद्ध शुरू न होने दिया जाए। वहीं चीन ने अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान समेत अन्य देशों की मध्यस्थता का समर्थन किया है। उधर, इजराइल और लेबनान के बीच भी संघर्ष तेज हो गया है। दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमलों में कम से कम 31 लोगों की मौत और 40 लोग घायल हुए हैं। गाजा में भी इजराइल ने हमास के नए सैन्य कमांडर मोहम्मद ओदेह को मारने का दावा किया है। ईरान ने इसी बीच जुलाई 2025 से हिरासत में रखे गए 10 भारतीय नाविकों को रिहा कर दिया है। सभी नाविकों को सुरक्षित बताया गया है और उन्हें जल्द भारत वापस लाने की तैयारी की जा रही है।

अमेरिका-ईरान वार्ता पर टिकी सबकी नजरें

पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात के बीच दुनिया की नजर अब अमेरिका-ईरान वार्ता और होर्मुज स्ट्रेट पर टिकी हुई है। अगर तनाव और बढ़ता है तो इसका असर वैश्विक तेल सप्लाई, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच दुनिया की नजर अब अमेरिका और ईरान की अगली चाल पर है। होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ती सैन्य गतिविधियां, परमाणु कार्यक्रम पर सख्त बयानबाजी और लगातार जारी हमले यह संकेत दे रहे हैं कि हालात अभी पूरी तरह सामान्य होने से दूर हैं। अगर कूटनीतिक कोशिशें नाकाम रही तो इसका असर सिर्फ मध्य-पूर्व ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। (Trump Warning to Iran)

Back to top button
error: Content is protected !!