Google Analytics —— Meta Pixel

होर्मुज स्ट्रेट में फिर बढ़ा तनाव, ईरान ने अमेरिकी टैंकर पर की फायरिंग, अमेरिका ने भी की जवाबी कार्रवाई

Tension in Hormuz Strait: पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनातनी के बीच होर्मुज स्ट्रेट में बुधवार रात बड़ा सैन्य घटनाक्रम सामने आया। ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक ईरानी नौसेना ने एक अमेरिकी टैंकर पर फायरिंग की। ईरान का आरोप है कि जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय अपना रडार बंद करके जा रहा था, जिसे सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना गया। रिपोर्ट के मुताबिक घटना के बाद अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास पोर्ट के पास एक खाली इलाके में जवाबी फायरिंग की। हालांकि इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें:- भीषण गर्मी के बीच रायपुर में गहराया बिजली संकट, घंटों कटौती और बंद हेल्पलाइन नंबर से लोग परेशान

अमेरिका ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन एसोसिएटेड प्रेस और रॉयटर्स की रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया कि कार्रवाई सीमित और आत्मरक्षा के तहत की गई। इसी बीच अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के आसपास ईरान के चार अटैक ड्रोन भी मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक बंदर अब्बास में एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन को भी निशाना बनाया गया, जहां से पांचवां ड्रोन लॉन्च करने की तैयारी चल रही थी। अमेरिका का कहना है कि ये ड्रोन उसके सैनिकों और सैन्य ठिकानों के लिए खतरा बन सकते थे। (Tension in Hormuz Strait)

कुवैत में भी मिसाइल और ड्रोन हमले का खतरा

उधर, कुवैत में भी मिसाइल और ड्रोन हमले का खतरा बढ़ गया है। कुवैत की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक देशभर में अलार्म सायरन बजाए गए और एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर दिया गया। सेना ने कहा कि नागरिकों को जो धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है, वह दुश्मन मिसाइलों और ड्रोन को इंटरसेप्ट करने की वजह से है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये हमले किस तरफ से किए गए। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव लगातार बढ़ रहा है।

24 घंटे में 23 जहाज स्ट्रेट से गुजरे: ईरान 

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) नौसेना ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटे में उसकी अनुमति से 23 जहाज स्ट्रेट से गुजरे। वहीं दक्षिण कोरिया ने आरोप लगाया कि होर्मुज में कंटेनर शिप HMM नमु पर ईरानी एंटी-शिप मिसाइल से हमला किया गया था। विशेषज्ञों के मुताबिक होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में शामिल है। यहां बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक व्यापार पर साफ दिखाई देने लगा है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य गतिविधियों ने पूरे खाड़ी क्षेत्र को अलर्ट मोड पर ला दिया है। (Tension in Hormuz Strait)

Back to top button
error: Content is protected !!