Google Analytics —— Meta Pixel

भीषण गर्मी के बीच रायपुर में गहराया बिजली संकट, घंटों कटौती और बंद हेल्पलाइन नंबर से लोग परेशान

Electricity Problem in Raipur: रायपुर में भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई इलाकों में दिन और रात लगातार घंटों बिजली गुल रहने से लोग परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि शिकायत दर्ज कराने के लिए बनाए गए बिजली विभाग के नंबर भी लोगों की मदद नहीं कर पा रहे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभाग के लैंडलाइन नंबर या तो लगातार व्यस्त रहते हैं या फिर कोई फोन नहीं उठाता। वहीं केंद्रीय हेल्पलाइन नंबर 1912 पर भी रात के समय संपर्क नहीं हो पा रहा है।

यह भी पढ़ें:- भीषण गर्मी का कहर, छत्तीसगढ़ में मोर, पाम सिवेट और सैकड़ों चमगादड़ों की मौत

लगातार बिजली कटौती और विभागीय लापरवाही से नाराज लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। हाल ही में चंगोराभाठा इलाके के रहवासियों ने बिजली दफ्तर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन इसके बाद भी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। राजेंद्र नगर के रहवासियों ने बताया कि इलाके में कई दिनों से देर रात बिजली गुल हो रही है। सोमवार रात करीब 12 बजे बिजली जाने के बाद उन्होंने 1912 हेल्पलाइन पर कई बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। गर्मी के कारण घर के बच्चे और बुजुर्ग पूरी रात परेशान रहे। कोटा के रहवासियों के मुताबिक बीते एक महीने में इलाके के दो ट्रांसफार्मरों में आग लग चुकी है। रोजाना बिजली कटौती आम बात हो गई है। सोमवार रात 11 बजे बिजली बंद हुई, जो ढाई बजे वापस आई। (Electricity Problem in Raipur)

  

उन्होंने बताया कि लैंडलाइन नंबरों पर दिनभर फोन लगाने के बाद भी कोई रिस्पॉन्स नहीं मिलता। गुढ़ियारी के रहवासियों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से रात में 1 से 3 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। शिकायत दर्ज कराने के लिए 1912 और स्थानीय लैंडलाइन नंबरों पर कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलता। चंगोराभाठा के रहवासियों ने कहा कि बिजली दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। इलाके में लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के नंबर सिर्फ दिखावे के लिए हैं। राजीव नगर के रहवासियों ने बताया कि अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहद परेशान हैं। बुधवार को ही तीन बार में करीब दो घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रही। (Electricity Problem in Raipur)

राजीव नगर के रहवासियों ने आगे बताया कि पिछले एक महीने में कम से कम 17 दिनों तक रात में दो-दो घंटे बिजली बंद रही। एक बार पेड़ गिरने से फॉल्ट हुआ था, जिसके बाद 11 घंटे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। लोगों को बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना भी नहीं दी जाती। बिजली विभाग की व्यवस्था की सच्चाई जानने के लिए शहर के अलग-अलग जोन कार्यालयों और हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल किया गया, जिसमें चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। 1912 नंबर पर लगातार लाइन व्यस्त मिली और कॉल कनेक्ट नहीं हो सका। शहर के 21 जोन कार्यालयों में से सिर्फ 3 जगह कॉल उठाया गया। 4 जगह किसी ने रिस्पॉन्स नहीं दिया। 14 नंबर या तो बंद मिले, उपयोग में नहीं थे या अमान्य पाए गए। 

बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पहले लोकल कॉल सेंटर में केवल एक ऑपरेटर तैनात था। भीषण गर्मी और बढ़ती शिकायतों को देखते हुए अब अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिकायतों का दबाव बढ़ने के कारण कॉल रिस्पॉन्स प्रभावित हुआ है। 1912 नंबर 99 लाइनों वाला केंद्रीय कॉल सेंटर है, लेकिन बहुत ज्यादा ट्रैफिक के चलते तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही मैदानी अमले और ऑपरेटरों की बैठक बुलाकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे। फिलहाल शहरवासी भीषण गर्मी और बिजली संकट के दोहरे संकट से जूझ रहे हैं। लोगों की मांग है कि विभाग जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रणाली को दुरुस्त करे, ताकि गर्मी के इस दौर में उन्हें राहत मिल सके। (Electricity Problem in Raipur)

Back to top button
error: Content is protected !!