Google Analytics —— Meta Pixel

​​​​​​​गरीबों को गरीबी से बाहर निकालना ही आकांक्षी जिलों का उद्देश्य: केंद्रीय राज्य मंत्री सोमन्ना

Union Minister State Somanna: केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री और आकांक्षी जिला कोरबा के प्रभारी वी. सोमन्ना ने कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में जिले के निर्धारित संकेतकों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और योजनाओं का लाभ जिले के लोगों तक पहुंचने संबंधित विभागों से चर्चा की। साथ ही आकांक्षी जिले में लक्ष्य प्राप्ति तक सतत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के माध्यम से जिले के गरीब परिवारों का जीवन स्तर में कैसे सुधार आए इस दिशा में सभी को मिल जुल कर कार्य करना है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब परिवारों की चिंता करते हैं। उन्होंने गरीबों को गरीबी से बाहर निकालने योजनाएं बनाई है।

यह भी पढ़ें:- कमजोर और प्रतिभाशाली छात्रों के लिए विशेष पहल, परीक्षा परिणाम सुधार के लिए रणनीति तैयार

केंद्रीय मंत्री सोमन्ना ने कहा कि आकांक्षी जिला घोषित कर महत्वपूर्ण योजनाओं को केंद्रीत किया गया है और गरीब परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। गरीबों को गरीबी से बाहर निकालना ही इस का उद्देश्य है। इसलिए आने वाले समय में हम सभी को मिलजुल कर आकांक्षी जिला के सभी सेक्टरों में परिणाममूलक कार्य करना है। केंद्रीय मंत्री सोमन्ना ने जिले में विकास की अपार संभावनाएं बताते हुए कहा कि कोरबा खूबसूरत जिला है और यहां के लोग बहुत ही सौम्य हैं। यहां का प्राकृतिक वातावरण अच्छा है। आकांक्षी जिला प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। आकांक्षी जिला कोरबा में गरीबी उन्मूलन करने और सामाजिक विकास के लिए कन्वर्जन, कॉलेब्रेशन और कॉम्पटीशन के आधार पर कार्य करना होगा। (Union Minister State Somanna)

सभी विभागों को संयुक्त प्रयास करना होगा: सोमन्ना 

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि जिले में गरीबी उन्मूलन के लिए सभी विभागों को संयुक्त प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो और आकांक्षी जिले के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कोरबा जिला विकास और प्रगति की राह में आगे बढ़े यह उनकी प्राथमिकता में होगी। आकांक्षी जिले की अवधारणा के संबंध में उन्होंने कहा कि हम सभी की आकांक्षा यह होनी चाहिए कि हमारे जिले के लोगों का भी राज्य और देश के अन्य सामान्य जिलों के लोगों का जीवन स्तर समान हो। हमारे जिले में समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं हो। कोई भी बच्चा कुपोषित न हो, सभी गर्भवती माताओं का पंजीयन हो और उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच हो, बच्चों का शतप्रतिशत टीकाकरण हो। हर गांव तक सड़क हो, लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो। (Union Minister State Somanna)

हर गांव में बिजली हो: सोमन्ना 

उन्होंने कहा कि खेतों में सिंचाई की सुविधा हो, हर गांव में बिजली हो। बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध हो, यही हमारी आकांक्षा होना चाहिए और जब तक हम यह सब लक्ष्य प्राप्त नहीं कर लेते तब तक सतत कार्य करते रहना होगा। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जिले में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के संबंध में कहा कि संस्थागत प्रसव हो, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाए। सभी गर्भवती माताओं का पंजीयन कर उनकी नियमित जांच की जाए, उन्हें पोषण आहार मिले। उन्होंने कहा कि महिला और बाल विकास विभाग एक संवेदनशील विभाग है। आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया होनी चाहिए। (Union Minister State Somanna)

कुपोषण की गंभीरता से स्क्रीनिंग कराने के निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि मातृत्व स्वास्थ्य और शिशु स्वास्थ्य में दी जाने वाली सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही कोई भी लाभार्थी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित ना हो सभी स्वास्थ्य अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें। जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर एनीमिया और कुपोषण की गंभीरता से स्क्रीनिंग कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। शिक्षा एवं आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए सभी स्कूलों में अध्यापन का स्तर सुधारने और जिले के अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति परिवार के बच्चों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें IAS, IPS समेत महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचाएं। उन्होंने जमीनी स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। (Union Minister State Somanna)

जिले में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो: सोमन्ना 

केंद्रीय राज्य मंत्री सोमन्ना ने पशुधन चिकित्सा विभाग के उप संचालक को निर्देशित किया कि जिले में डेयरी उद्योग की स्थापना के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि जिले में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकें। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने और गुणवत्ता के साथ कार्य करने, PM आवास समेत शौचालय निर्माण को ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण घटक बताते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि जिले में दिव्यांगजनों का उचित डाटा रखें और उन्हें लाभान्वित करने की दिशा में कार्य करें। बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। (Union Minister State Somanna)

कलेक्टर ने मंत्री को दी जानकारी

कलेक्टर ने DMF के माध्यम से अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के अलावा शिक्षकों के रिक्त पदों को पूर्ण करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चिकित्सक समेत अन्य पदों पर भर्ती करने की जानकारी दी। उन्होंने जिले में अन्य बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के लिए 10वीं उत्तीर्ण 100 स्टूडेंट्स को मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए जिले से बाहर भेजने के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, कौशल विकास, कृषि उत्पादकता बढ़ाने, सिंचाई रकबा बढ़ाने के संबंध में विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, महापौर राजकिशोर प्रसाद सिंह, सभापति श्याम सुंदर सोनी, बिलासपुर DRM प्रवीण पांडेय, IAS शांतनु अग्रहरि, अनिश हेगड़े, IRTS दिनेश तोमर, अनुराग सिंह, वनमंडलाधिकारी, निगम आयुक्त, CEO और जिला पंचायत उपस्थित थे। (Union Minister State Somanna)

Back to top button
error: Content is protected !!