ऐसा लगता है कि हमने भारत और रूस को अंधकारमय चीन के हाथों खो दिया: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

US President Trump: भारत और अमेरिका के रिश्ते लगातार बिगड़ रहे हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि लगता है हमने भारत और रूस को सबसे गहरे और अंधकारमय चीन के हाथों खो दिया है। ईश्वर करे कि उनका भविष्य लंबा और समृद्ध हो! इससे पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जॉन बोल्टन ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच पहले जो नजदीकी रिश्ते थे, वे अब खत्म हो चुके हैं। बोल्टन ने कहा दोनों की दोस्ती अब खत्म हो चुकी है।
बोल्टन ने कहा कि व्हाइट हाउस की गलत नीतियों ने भारत-अमेरिका संबंधों को दशकों पीछे धकेल दिया है, जिससे PM मोदी रूस और चीन के करीब चले गए हैं। ब्रिटिश मीडिया को दिए इंटरव्यू में बोल्टन ने कहा कि ट्रंप अमेरिकी विदेश नीति को अपनी निजी दोस्ती के चश्मे से देखते हैं। अगर उनकी किसी नेता जैसे व्लादिमीर पुतिन से दोस्ती है तो वे मान लेते हैं कि उस देश से भी अमेरिका के रिश्ते अच्छे होंगे, लेकिन ऐसा नहीं होता। (US President Trump)

उन्होंने कहा कि अब इस स्थिति को ठीक करना बहुत मुश्किल है, क्योंकि हालात काफी बिगड़ चुके हैं। बोल्टन ने कहा कि ट्रंप और मोदी के बीच पहले बहुत अच्छे रिश्ते थे, लेकिन अब वह खत्म हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ब्रिटेन समेत अन्य नेताओं को यह समझना चाहिए कि ट्रंप से व्यक्तिगत दोस्ती कभी-कभी मददगार हो सकती है, लेकिन बुरे हालात से नहीं बचा सकती। अगस्त में बोल्टन ने भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को ‘भारी भूल’ बताया था। उन्होंने आशंका जताई थी कि रूस को कमजोर करने के लिए उठाया गया यह कदम उल्टा असर कर सकता है। बोल्टन ने कहा था कि US ने भारत पर रूसी तेल के कारण टैरिफ लगाया, जबकि चीन के साथ ऐसा नहीं किया। चीन से थोड़े समय के लिए टैरिफ वॉर छेड़ा गया था, लेकिन जल्द ही समझौता कर लिया गया। (US President Trump)
दोस्त और दुश्मन दोनों पर एक जैसा टैरिफ लगाना गलत: बोल्टन
उनके मुताबिक दोस्त और दुश्मन दोनों पर एक जैसा टैरिफ लगाना अमेरिका की रणनीतिक गलती है, जिससे दशकों में बना भरोसा और आत्मविश्वास कमजोर पड़ रहा है। बोल्टन ट्रंप के पिछले कार्यकाल में अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहे हैं। वे हाल के महीनों में लगातार ट्रंप की नीतियों की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि अमेरिकी सरकार बिजनेस और सिक्योरिटी को अलग-अलग तरीके से देख रही है। जबकि भारत जैसे देशों के लिए दोनों चीजें आपस में जुड़ी हुई हैं। अमेरिकी विदेश नीति विशेषज्ञ क्रिस्टोफर पैडिला ने भी चेतावनी दी है कि भारत पर लगाए गए टैरिफ लंबे समय तक दोनों देशों के रिश्तों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। भारत हमेशा अमेरिका को शक की निगाह से देखेगा और कभी भी इन टैरिफ को नहीं भूलेगा। (US President Trump)



