Google Analytics —— Meta Pixel

बीमार युवक की मजबूरी बना सूदखोर का हथियार, 1.60 लाख के बदले 22 लाख की मांग

Usury in Durg District: दुर्ग जिले में सूदखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पद्मनाभपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, पुलिस ने एक शातिर सूदखोर को गिरफ्तार किया है, जिसने एक बीमार युवक की मजबूरी का फायदा उठाकर 1 लाख 60 हजार रुपए के बदले 22 लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग की थी। मामले को लेकर पीड़ित युवक ने पद्मनाभपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि खराब स्वास्थ्य और इलाज के चलते उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। इसी दौरान उसने हरीश पारख नाम के शख्स से 1 लाख 60 हजार रुपए कर्ज के रूप में लिए थे। आरोपी ने इस रकम पर 10 प्रतिशत ब्याज तय किया था और समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में रकम दोगुनी करने की धमकी दी।

यह भी पढ़ें:- उदंती-सीतानदी में दिखा दुनिया का सबसे तेज उड़ने वाला पक्षी पेरेग्रीन फाल्कन, आसमान का कहा जाता है चीता 

पीड़ित के मुताबिक उसने मूल रकम और ब्याज मिलाकर कुल 3 लाख 20 हजार रुपए आरोपी को चुका दिए थे। इसके बावजूद आरोपी की लालच कम नहीं हुई। आरोपी ने पीड़ित से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की 11 खाली चेकों पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए और उन्हीं चेकों के आधार पर 22 लाख रुपये की मांग करने लगा। लगातार मिल रही धमकियों, मानसिक प्रताड़ना और अवैध वसूली से परेशान होकर पीड़ित युवक ने आखिरकार पद्मनाभपुर थाना पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पीड़ित ने पुलिस को सभी आवश्यक दस्तावेज और सबूत भी सौंपे। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मामले में कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया। (Usury in Durg District)

11 चेकबुक, इकरारनामा और साहूकारी लाइसेंस जब्त

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी हरीश पारख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पीड़ित को 1 लाख 60 हजार रुपए उधार दिए थे और 11 खाली चेकों पर हस्ताक्षर करवाकर 22 लाख रुपये की मांग कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 चेकबुक, कई इकरारनामे और साहूकारी लाइसेंस जब्त किए हैं। 29 जनवरी को पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि दुर्ग पुलिस सूदखोरी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। आम लोगों से अपील की गई है कि अगर कोई भी व्यक्ति अवैध ब्याज वसूली या धमकी का शिकार हो तो बिना डर के पुलिस से संपर्क करें। (Usury in Durg District)

Back to top button
error: Content is protected !!