ओडिशा से पुणे तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क की टूटी कमर, 30 दिन में 10 करोड़ 26 लाख रुपए का गांजा जब्त

Ganja Smuggling in Mahasamund: महासमुंद जिले को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ पुलिस ने बीते 30 दिनों में गांजा तस्करी के खिलाफ ऐसी ताबड़तोड़ कार्रवाई की है, जिसने ओडिशा से लेकर महाराष्ट्र के पुणे तक फैले अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को जड़ से हिला दिया है। नए पुलिस कप्तान के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए नशे के इस संगठित कारोबार पर करारा प्रहार किया है।
यह भी पढ़ें:- बीमार युवक की मजबूरी बना सूदखोर का हथियार, 1.60 लाख के बदले 22 लाख की मांग
महासमुंद पुलिस ने पिछले एक माह में गांजा तस्करी के 23 प्रकरण दर्ज कर 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 2100 क्विंटल गांजा जब्त किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ 26 लाख रुपए आंकी गई है। इतना ही नहीं गांजा तस्करी से अर्जित करीब 4 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति को चिन्हांकित कर SAFEMA अधिनियम के तहत कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। महासमुंद में यह पहला मौका है, जब पुलिस ने गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए खरीदार से लेकर सप्लायर तक की कड़ी को उजागर किया है। (Ganja Smuggling in Mahasamund)
520 किलो गांजा जब्त, नेटवर्क बेनकाब
‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत कोमाखान थाना क्षेत्र में दर्ज एक बड़े प्रकरण में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 520 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क का प्रमुख थोक खरीददार पुणे के खड़कवासला का रामदास चंदू सोनवाने है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक रामदास का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले तड़ीपार भी रह चुका है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी के दोनों बेटे भी पिता के निर्देश पर पुणे में गांजा नेटवर्क चला रहे थे। जांच के दौरान आरोपियों की करीब 4 करोड़ रुपए की संपत्ति चिन्हांकित की गई है, जिसे अटैच करने की प्रक्रिया जारी है।
परिवहन सरगना का चौंकाने वाला चेहरा
ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा की सप्लाई कराने वाले मुख्य परिवहन सरगना आकाश जाधव को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आकाश ने पिछले एक साल में छह बार गांजा तस्करी करवाई थी और वह पुणे के एक मामले में पिछले छह महीने से फरार चल रहा था। हैरानी की बात यह है कि आकाश जाधव सोशल मीडिया पर “Sarpmitra Akash Jadhav” नाम से सक्रिय था, जिसके यूट्यूब पर 56.8 लाख और इंस्टाग्राम पर 3.17 लाख फॉलोअर्स हैं। गांजा तस्करी के साथ-साथ वह सांप बचाव (Snake Rescue) गतिविधियों से भी जुड़ा रहा। पुलिस ने उसकी करीब 1.5 करोड़ रुपए की संपत्ति भी चिन्हांकित की है। (Ganja Smuggling in Mahasamund)
ओडिशा बैकवर्ड लिंक भी ध्वस्त
इस नेटवर्क को ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले ओडिशा के कालाहांडी रहने वाले मुख्य आरोपी रंजन दुर्गा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ओडिशा से गांजा एकत्र कर महासमुंद और आगे महाराष्ट्र तक सप्लाई करता था। इस पूरी कार्रवाई को महासमुंद जिला पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ-साथ ओडिशा और महाराष्ट्र एंटी नारकोटिक्स टीमों के सहयोग से अंजाम दिया गया। पुलिस ने जब्त गांजा का विधिवत वजन, सील-मुद्रांकन कर पंचनामा तैयार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। महासमुंद SP प्रभात कुमार ने कहा कि नशे के कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। नशामुक्त महासमुंद हमारा संकल्प है। आने वाले दिनों में कार्रवाई और तेज की जाएगी। नशे के सौदागरों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।
सूखा नशा कारोबार पर सबसे बड़ी स्ट्राइक
इधर, छत्तीसगढ़ में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले सूखा नशा कारोबार पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस कमिश्नर के सख्त आदेश के बाद रोलिंग पेपर, गोगो स्मोकिंग कोन और परफेक्ट रोल जैसे उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस आदेश का असर अब बिलासपुर जिले में भी साफ नजर आ रहा है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के नेतृत्व में पुलिस की दर्जनों टीमों ने एक साथ जिले भर के पान ठेलों और किराना दुकानों पर छापेमारी की।
भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त
40 से ज्यादा संदिग्ध ठिकानों पर दबिश, भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई है। पुलिस ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद अगर कोई दुकानदार पर्दे के पीछे से इन सामग्रियों की बिक्री करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महासमुंद और बिलासपुर पुलिस की इन बड़ी कार्रवाइयों ने साफ संदेश दे दिया है कि छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के लिए अब कोई जगह नहीं है। प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आने वाले दिनों में नशा माफिया पर और भी कड़ी चोट तय मानी जा रही है।



