150 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 38 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड के अल्मोड़ा में भीषण हादसा हुआ है, जहां सुबह यात्रियों से भरी एक बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार 38 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई घायल हो गए हैं। हादसा अल्मोड़ा के कूपी के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक बस में 42 यात्री सवार थे। पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। वहीं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम राहत कार्य के लिए अल्मोड़ा में बस दुर्घटना स्थल पर पहुंच गई है, जहां रेस्क्यू का काम जारी है। आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि हादसे में 38 लोगों की मौत हुई है। कई लोगों की हालत गंभीर हैं।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh Rajyotsava 2024: सुशासन से छत्तीसगढ़ ने पकड़ी विकास की रफ्तार
उन्होंने कहा कि रेस्क्यू पूरा होने के बाद मृतकों की सही संख्या का पता चल सकेगा। बताया जा रहा है कि बस किनाथ से रामनगर जा रही थी, जिसमें सवार ज्यादातर लोग स्थानीय थे। बस कूपी के पास अनियंत्रित होकर पलटते हुए करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। खाई में गिरने के दौरान कई यात्री बस से छिटककर दूर गिर गए। अल्मोड़ा SP और नैनीताल से पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। (Uttarakhand Bus Accident)
CM पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
वहीं SDRF की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। बस गढ़वाल मोटर्स की थी। शुरुआती जांच में पता चला कि बस काफी जर्जर थी। बस पलटने के बाद नदी से करीब 10 फीट पहले पेड़ में फंसकर रुक गई। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है। CM पुष्कर सिंह धामी ने हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जनपद अल्मोड़ा के मार्चुला में हुई दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में यात्रियों के हताहत होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। जिला प्रशासन को तेजी के साथ राहत और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
पौड़ी और अल्मोड़ा के ARTO प्रवर्तन निलंबित
CM धामी ने कहा कि घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीमें घायलों को निकालकर इलाज के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए तेजी से कार्य कर रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करने के लिए भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी और अल्मोड़ा के संबंधित क्षेत्र के ARTO प्रवर्तन को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कुमाऊं मंडल के कमिश्नर को घटना की मजिस्ट्रेट जांच करने के निर्देश दिए हैं।



