Google Analytics —— Meta Pixel

लोकसभा से भी पास हुआ ‘वंदे मातरम्’ संशोधन बिल, सदन में जमकर हंगामा, सत्ता पक्ष-विपक्ष आमने-सामने

Vande Mataram Amendment Bill: राज्यसभा के बाद अब लोकसभा ने भी ‘राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026’ यानी वंदे मातरम् बिल को मंजूरी दे दी है। बिल पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष ने सरकार पर राजनीतिक ध्रुवीकरण और बहस से बचने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने इसे राष्ट्रसम्मान और देशभक्ति से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बताया। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वंदे मातरम हमारे देश की धरोहर है। हमारे आजादी आंदोलन का प्रतीक है, वो पुकार जिसकी गुंज आज भी सुनी जाती है। स्वर वंदे मातरम बना उसका जितना सम्मान किया जाए, वो कम है। जब चर्चा हुई थी, तब मैंने कि बंकिम चंद्र चटर्जी की प्रतिमा हमारे संसद में स्थापित की जाए, लेकिन वंदे मातरम पर राजनीतिक रोटियां सेकने का प्रयास होता है तो ये उचित नहीं है। आज जो लोग आजादी के आंदोलन से दूर थे वो आज देशभक्ति और वंदेमातरम पर उपदेश दे ये देशवासियों को हजम नहीं होती।

यह भी पढ़ें:- राज्यसभा में पेपर लीक संशोधन बिल पेश, विपक्ष का सरकार पर हमला, संसद में PM मोदी ने की हाईलेवल बैठक 

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि संसद में फिर से मनमानी की गई है। हमने गृह मंत्री अमित शाह से संसद आने को कहा, लेकिन वे आने को तैयार नहीं हैं, उन्हें आने से डर लगता है। उन्होंने जबरदस्ती यह बिल पास करा लिया। यह खुद राष्ट्रीय गीत का अपमान है, जिस तरह से वे राष्ट्रीय गीत पर राजनीति कर रहे हैं, उसके लिए देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि ये सरकार बार-बार संशोधन बिल क्यों ला रही है। वंदे मातरम् बिल पहले पास हो चुका संसद में। अब ये फिर से थोड़ा संशोधन करके फिर से नया बिल ला रहे हैं। बार-बार आखिरकार बिल क्यों लाया जा रहा है। हम चाहते हैं कि राम मंदिर में जो चंदा चोरी हुई है उस पर चर्चा हो, जो लोगों की श्रद्धा की लूट हुई है उस पर हम चर्चा चाहते हैं तो कही न कही सरकार ध्यान भटकाने वाली राजनीति करती है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि वंदे मातरम बिल का सम्मान सभी देश के लोग करते हैं हम लोग करते हैं सभी करते हैं ये सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए ये सब बिल ला रहे हैं, ताकि राम मंदिर के चंदा चोरी जो हुई है, उस पर चर्चा न हो पाए। बिल का हम कोई विरोध नहीं करते हैं बिल का हम सम्मान करते हैं ये बिल तो पहले से ही है कोई लाने की आवश्यकता नहीं थी हम और सभी इसका सम्मान करते है। 

बीजेपी रवीन्द्रनाथ टैगोर से भी आगे बढ़कर वंदेमातरम कर रहे: सौगत

टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा कि हम लोग आपत्ति नहीं करते हैं, लेकिन रवीन्द्रनाथ टैगोर नहीं चाहते थे कि पूरा वंदेमातरम राष्ट्रीय गीत बने, लेकिन अभी बीजेपी रवीन्द्रनाथ टैगोर से भी आगे बढ़कर वंदेमातरम कर रहे हैं तो अब क्या करें। RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में बांटने के अलावा किया क्या है? इन्होंने नेहरू-सुभाष कर लिया, नेहरू-पटेल कर लिया। अब वंदे मातरम बनाम जन-गण-मन। ये लोग बांटने के उस्ताद हैं कि कैसे बांट सकते हो समाज को आंदोलन में अगर कोई सज्जाद होता मंच पर प्रमुख तो वहां भी बांटते। इनके पास कुछ और है ही नहीं। यही खेती करते हैं और इसी की फसल काटते हैं मगर अब इस खेती के लिए खाद नहीं मिल रही है। AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि आप जब जन-गण-मन पढ़ते हैं तो उसमें क्या दिखता है। उसमें यह देश दिखता है, देश की जनता दिखती है। जब आप वंदे मातरम पढ़ते हैं तो उसमें भगवान और देवी के बारे में पूजा की बात है। अब उन मुजाहिदीन ए आजादी को क्या बोलेंगे, जिन्होंने इस देश की आजादी के लिए कुर्बानी दी। जन-गण-मन तो जनता के लिए लिखा गया था। (Vande Mataram Amendment Bill)

साल 1950 में राजेंद्र प्रसाद ने बहुत बड़ी गलती की: ओवैसी

उन्होंने कहा कि मैं कह रहा हूं कि साल 1950 में राजेंद्र प्रसाद ने बहुत बड़ी गलती की। उन्होंने बिना रेजुलेशन के कह दिया कि यह राष्ट्रीय गीत है। जबकि रेजुलेशन लेना चाहिए था। कहीं पर भी राष्ट्रीय गीत की परिभाषा नहीं है। केंद्र सरकार आर्टिकल 25, 26 और 29 का उल्लंघन कर रहे हैं। इस पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि ओवैसी जी अब भारत में राष्ट्रहित सर्वोपरि रहेगा। वो तुष्टीकरण की राजनीति का जमाना लद चुका है कि 60 साल तक राष्ट्रगीत को इसलिए कांग्रेस की सरकारों ने आगे नहीं आने दिया गया क्योंकि एक धर्म विशेष के वोट न खिसक जाए। अब भारत माता की जय भी बोलना पड़ेगा और राष्ट्रगीत भी गाना पड़ेगा और राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना से देश में काम भी करना पड़ेगा अन्यथा कानूनी कार्रवाई होगी। असली दिक्कत ओवैसी जी को ये है कि उनको वंदेमातरम बोलने से समस्या है आपको बोलना पड़ेगा और भारत माता की जयकारा लगाना पड़ेगा और राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना से देश में रहना है तो उसी भावना से काम करना पड़ेगा। राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने कहा कि वंदे मातरम जिस उद्देश्य से लिखा गया था, उस उद्देश्य को एक रखने के लिए जब आपत्ति आई कि इस वंदे मातरम गाने से आप दो अनुच्छेद निकाल लीजिए, क्योंकि हम दुर्गा की पूजा नहीं करते हैं, क्योंकि उसमें दुर्गा का नाम है, तब पंडित नेहरू जी या उस समय कांग्रेस के नेतृत्व थे उस बात को मान लिया, लेकिन आप असली में सेक्युलर हैं, जो बीजेपी के घोषणापत्र में है। फिर आपको हर धर्म का सम्मान करना पड़ेगा। तो जो दो अनुच्छेद निकालने का काम हुआ था उसे डालने का काम पीएम मोदी ने किया है।

विरोध करना हर किसी का अधिकार: मंत्री गिरिराज

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि वंदे मातरम बिल को लाया गया है कि वंदे मातरम को उसके गायन के समय जिस तरीके से सम्मान प्रदर्शन की भावना है उसको सही तरीके से करने के लिए कानूनी तरीका लाया गया है। इसका सम्मान रहेगा तो और भी अच्छा होगा। ये ऐसा संगीत है जिसके गाने से देश में भारत माता के प्रति श्रद्धा व्यक्त होती है। भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि चर्चा होने के लिए इन्हें सदन में रहकर नारेबाजी नहीं करनी चाहिए, नारेबाजी क्यों हो रही है, इतना बड़ा बिल है, जिसमें हमारे वंदे मातरम को राष्ट्रगान जैसा सम्मान मिले युवा में जो ऊर्जा है उसको बढ़ावा दिया जाए, जो एक वंदे मातरम का सुजलाम सुफलाम की भावना हम सब में जागृत हो इसके लिए पूरे देश में एक ऊर्जा है इसके लिए ये बिल बहुत महत्वपूर्ण है तो इसके लिए वे क्यों नारेबाजी कर रहे हैं आपत्ति कर रहे हैं अगर नारेबाजी नहीं होती तो हम चर्चा करते लेकिन बार-बार सदन को स्थगित करके इसके बाद हमने चर्चा भी थोड़ी करवाई और फिर हमें इस पास करवाना पड़ा। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि विरोध करना हर किसी का अधिकार है, लेकिन वंदे मातरम का विरोध करना, जो भारतीय स्वतंत्रता का एक अहम हिस्सा है। इसकी जितनी तारीफ की जाए, कम है। (Vande Mataram Amendment Bill)

Back to top button
error: Content is protected !!