Google Analytics —— Meta Pixel

बिना वाद-विवाद के समस्या का हल नहीं हो सकता: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

Vice President Dhankhar: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने राज्यसभा इंटर्नशिप कार्यक्रम के प्रतिभागियों के पांचवें बैच को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीते 10 साल में किसी भी देश ने इतनी बड़ी उछाल नहीं लगाई है, जितनी भारत ने लगाई है। भारत ने अर्थव्यवस्था, संस्थागत ढांचे और तकनीकी विकास में बड़ी छलांग लगाई है। भारत को एकमात्र ऐसा देश माना गया है, जिसने पिछले दशक में भारी आर्थिक उछाल, तेजी से बढ़ते बुनियादी ढांचे, गहरी तकनीकी पैठ और युवाओं के लिए सकारात्मक नीतियों को दर्ज किया है। इसका परिणाम आशा और संभावना का माहौल है। अब लोगों की आकांक्षा आसमान छू रही है, लेकिन मुझे चिंता है कि हमारा युवा वर्ग अभी भी सरकारी नौकरियों के लिए कोचिंग क्लासेज के बारे में सोच रहा है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव: कांग्रेस ने जारी की रायपुर नगर निगम के पार्षद प्रत्याशियों की सूची

उन्होंने कहा कि हमारा युवा सरकारी नौकरी से आगे नहीं सोच पा रहा है। उसको ध्यान देना चाहिए कि आज के दिन अवसरों की टोकरी बहुत बढ़ रही है। इस देश के लोगों ने पहली बार विकास का स्वाद चखा है। उनके घर में शौचालय है, रसोई में गैस कनेक्शन है, पाइप से पानी आता है, इंटरनेट उपलब्ध है, सड़क और हवाई संपर्क है। 40 मिलियन लोगों के पास पहले से ही किफायती आवास हैं। जब आप ऐसी स्थिति का स्वाद लेते हैं, तो आप एक आकांक्षी राष्ट्र बन जाते हैं। यह सब बड़ी योजना के तहत किया गया था। जब प्रधानमंत्री ने पहली बार कहा देश में आकांक्षी जिले होने चाहिए, वे वह जिले थे, जहां कोई अधिकारी जिलाधीश नहीं बनाना चाहता था, एसपी जाना नहीं चाहता था, विकास वहां नहीं था। (Vice President Dhankhar)

180 डिग्री बदलाव आया: उपराष्ट्रपति 

उपराष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने यह सुनिश्चित करने का बीड़ा उठाया कि पूरे देश को एक पठार की तरह बनाया जाए, पिरामिड की तरह नहीं। नतीजा क्या हुआ ? आज के दिन 180 डिग्री बदलाव आ गया है। विकसित भारत अब सपना नहीं रहा, विकसित भारत हमारा डिफिनिटिव ऑपजेक्ट है। डेस्टिनेशन है। हमारी संस्कृति कहती है, बिना वाद-विवाद के समस्या का हल नहीं हो सकता। दुनिया कई समस्याओं का सामना कर रही है, लेकिन अंत में बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही समाधान निकलता है, लेकिन क्या हम इस समय इसी भावना से काम कर रहे हैं? क्या हमने बहस और बातचीत के स्थान को व्यवधान और अशांति के लिए छोड़ नहीं दिया है? क्या हमने आम सहमति बनाने के स्थान को अपरिवर्तनीय टकराव के लिए छोड़ नहीं दिया है? (Vice President Dhankhar)

तिलांजलि देते हुए पलक भी नहीं झपकते: उपराष्ट्रपति 

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि हम बहुत खुश हैं। भारतीय संविधान को अपनाने की शताब्दी के अंतिम चौथाई भाग की शुरुआत ‘देवभूमि’ उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता को वास्तविकता बनाने के साथ हुई है। संविधान के अनुच्छेद 44 में यह प्रावधान है कि राज्य पूरे भारत में नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा। एक राज्य ने यह कर दिखाया है। मुझे यकीन है कि कुछ ही समय में पूरे देश में समान कानून लागू हो जाएगा। कुछ लोग अज्ञानतावश समान नागरिक संहिता की आलोचना कर रहे हैं। हम उस चीज की आलोचना कैसे कर सकते हैं जो भारतीय संविधान का आदेश है, हमारे संस्थापक पिताओं द्वारा दिया गया आदेश है, जो लैंगिक समानता लाने के लिए है? हमारे जहन में राजनीति ने इतना घर कर दिया है कि वह जहर का रूप ले चुकी है, राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्रवाद को तिलांजलि देते हुए पलक भी नहीं झपकते। (Vice President Dhankhar)

आपको संविधान सभा की बहसों का अध्ययन करना चाहिए: उपराष्ट्रपति 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने का कोई कैसे विरोध कर सकता है? आपको संविधान सभा की बहसों का अध्ययन करना चाहिए, अध्ययन करना चाहिए कि देश के सर्वोच्च न्यायालय ने कितनी बार ऐसा संकेत दिया है। हमारे देश में लाखों अवैध प्रवासी रह रहे हैं। कोई देश लाखों अवैध प्रवासियों को कैसे सहन कर सकता है? क्या यह हमारी संप्रभुता के लिए चुनौती नहीं है? ऐसे लोग कभी भी हमारे राष्ट्रवाद से जुड़े नहीं रहेंगे। वे हमारे स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सुविधाओं के संसाधनों का उपयोग करते हैं और हमारे लोगों के लिए नौकरियों में लगे रहते हैं। वे हमारे लोकतंत्र के लिए खतरा हैं, क्योंकि वे हमारी चुनावी प्रणाली को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। वे हमारे सामाजिक सद्भाव और हमारे राष्ट्र की सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। (Vice President Dhankhar)

राष्ट्र-विरोधी आख्यानों को उजागर करना होगा: उपराष्ट्रपति 

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि मैं सरकार में सभी से इस पर गंभीरता से विचार करने की अपेक्षा करता हूं। इस समस्या और इसके समाधान में एक दिन की भी देरी नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि आपके पास एक बहुत बड़ी ताकत है, वो सोशल मीडिया की ताकत है। आप देख रहे हैं कि इस देश में संस्थाओं को इसलिए खत्म किया जा रहा है, क्योंकि कुछ लोगों का हमारे राष्ट्रवाद से जुड़ाव कमजोर है। ऐसी परिस्थिति के अंदर ऐसे विचारों को कुचलना पड़ता है, उन पर प्रतिघात करना पड़ता है, उन पर कुठाराघात करना पड़ता है और यह सबसे बड़ा दायित्व आज के नवयुवकों और नवयुवतियों के ऊपर है। आपको ऐसे लोगों को उजागर करना होगा, साथ ही एक ऐसे राष्ट्र के राष्ट्र-विरोधी आख्यानों को भी उजागर करना होगा, जो पहले कभी नहीं देखा गया, और जिसकी वृद्धि को रोका नहीं जा सकता। (Vice President Dhankhar)

Back to top button
error: Content is protected !!