Vijay Sethupathi casting couch controversy: विजय सेतुपति ने कास्टिंग काउच के आरोपों को बताया बेबुनियाद, बोले- मेरी फिल्म हिट हो रही है

Vijay Sethupathi casting couch controversy: साउथ सुपरस्टार विजय सेतुपति हाल ही में एक विवाद में घिर गए, जब एक महिला ने उन पर कास्टिंग काउच के गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, अब अभिनेता ने पहली बार इस मामले पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है और सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
“ये मुझे बदनाम करने की साजिश है” : विजय सेतुपति
डेक्कन क्रॉनिकल से बातचीत में विजय ने कहा, “जो लोग मुझे थोड़ा भी जानते हैं, वे इन आरोपों पर हंसेंगे। मुझे खुद पर पूरा भरोसा है और ये आरोप मेरे लिए कोई मायने नहीं रखते। मेरे परिवार और करीबी दोस्त थोड़े परेशान थे, लेकिन मैंने उन्हें समझाया कि इसे नजरअंदाज करें। ये महिला सिर्फ ध्यान खींचना चाहती थी। उसे कुछ मिनट का फेम चाहिए था, मिल गया — अब उसे एंजॉय करने दो।”
विजय ने बताया कि उनकी लीगल टीम इस मामले में सक्रिय हो चुकी है और उन्होंने साइबर क्राइम सेल में आधिकारिक शिकायत दर्ज कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि ये आरोप इसलिए लगाए गए क्योंकि उनकी नई फिल्म ‘थलैवन थलैवी’ अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
“मेरी फिल्म हिट हो रही है, इसलिए जलन हो रही है”
विजय ने कहा, “जब फिल्म अच्छा करती है, तो कुछ लोग जलते हैं और सोचते हैं कि बदनाम करके फिल्म को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। लेकिन ऐसा नहीं होता। आजकल बस एक सोशल मीडिया अकाउंट चाहिए और कोई भी कुछ भी लिख सकता है, बिना किसी डर के।”
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर राम्या मोहन नाम की एक महिला ने विजय सेतुपति पर कास्टिंग काउच और तमिल फिल्म इंडस्ट्री में ड्रग्स व शोषण को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि उसकी एक जान-पहचान की लड़की को विजय ने ‘कारवैन फेवर’ के लिए ₹2 लाख और ‘ड्राइव’ के लिए ₹50,000 की पेशकश की थी।
राम्या का दावा था कि उस लड़की का लंबे समय तक शोषण हुआ और अब वह एक रिहैब सेंटर में है। हालांकि, कुछ समय बाद राम्या की पोस्ट डिलीट हो गई और उसका सोशल मीडिया अकाउंट भी डिएक्टिवेट कर दिया गया।
विजय सेतुपति ने साफ कहा कि पिछले कई सालों से उनके खिलाफ अफवाहें उड़ाने की कोशिश हो रही है, लेकिन वे इससे कभी प्रभावित नहीं हुए और न होंगे।



