Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : मवेशी चराने गए ग्रामीण को भालू ने नोचा, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत

CG NEWS :  सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सितकालो में भालू के हमले से एक ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में जाने से बचने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सितकालो निवासी चैतू राम (55 वर्ष) सुबह मवेशी और बकरियां चराने के लिए घर से लगभग 500 मीटर दूर जंगल की ओर गया था। मवेशियों को चराने के दौरान वह जंगल के भीतर खुखड़ी (जंगली मशरूम) तलाशने लगा। इसी दौरान अचानक सामने आए एक खूंखार भालू ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। भालू ने उसके सिर, कंधे और पीठ को बुरी तरह नोच डाला।

कड़े संघर्ष के बाद जान बचाकर निकला

हमले के दौरान चैतू राम ने हिम्मत दिखाते हुए भालू का डटकर मुकाबला किया। काफी देर तक चले संघर्ष के बाद भालू उसे छोड़कर भाग निकला। गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान अवस्था में चैतू राम किसी तरह जंगल से बाहर आकर गांव की ओर बढ़ा, जहां अन्य ग्रामीणों ने उसे देखा और परिजनों को सूचित किया। (CG NEWS)

रायपुर ले जाते समय रास्ते में मौत

परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। अंबिकापुर में भी स्थिति चिंताजनक बनी रहने पर चिकित्सकों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रायपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।

जंगल जाने को लेकर वन विभाग की चेतावनी

बारिश के मौसम में खुखड़ी और पुटू जैसे जंगली खाद्य पदार्थ एकत्र करने के लिए ग्रामीण अक्सर जंगल के भीतर जाते हैं, जिससे वन्यप्राणियों से आमना-सामना होने का जोखिम बढ़ जाता है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग ने क्षेत्र में वन्यजीवों की निगरानी बढ़ा दी है तथा ग्रामीणों को अकेले जंगल न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है। (CG NEWS)

यह भी पढ़े :- कर्ज उतारने के लिए प्रिंटर से छापे ₹12.50 लाख के नकली नोट, तिरछी कटिंग ने खोला राज, 3 गिरफ्तार

Back to top button
error: Content is protected !!