बिनौरी में ग्रामीणों का विरोध: प्रार्थना सभा के खिलाफ मोर्चा, शीतल साहू पर कानूनी कार्रवाई की मांग

Balodabazar : पलारी तहसील के ग्राम बिनौरी में ग्रामीणों ने शीतल साहू के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शीतल साहू पिछले 17-18 वर्षों से अपने घर में प्रार्थना सभा के नाम पर बाहरी लोगों की भीड़ इकट्ठा कर ईसाई मत का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, जिससे गांव में विवाद और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर, राजस्व अधिकारी, और तहसीलदार को ज्ञापन देकर इस गैरकानूनी आयोजन पर रोक लगाने की मांग की है।
यह भी पढ़े :- सीएम हाउस में मुख्यमंत्री साय का जनदर्शन कल, लोगों की समस्या सुन करेंगे समाधान
भीड़ इकट्ठा करने से ग्रामीण परेशान
बीते रविवार को शीतल साहू द्वारा आयोजित प्रार्थना सभा में बाहरी व्यक्तियों की भीड़ जमा हो गई, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो गई। इससे परेशान ग्रामीणों ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी को सूचित किया। तिवारी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत थाना प्रभारी पलारी शशांक सिंह को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रार्थना सभा को रुकवाया। इसके बाद, ग्रामीणों ने सरपंच सतरूपा धीवर, उपसरपंच, पंचों, और विहिप के अभिषेक तिवारी के साथ बैठक की और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि शीतल साहू द्वारा हर रविवार को बाहरी लोगों को बुलाकर ईसाई मत का प्रचार किया जा रहा है। इससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है और बाहरी लोगों की भीड़ से सुरक्षा का खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शीतल साहू बीमारी और गरीबी दूर करने का झांसा देकर गांव के कुछ लोगों को बरगला रहे हैं। सरपंच सतरूपा धीवर ने कहा कि पंचायत और ग्रामीणों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद शीतल साहू अपनी गतिविधियों को बंद करने से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “शीतल साहू हमें धमकाता है और दावा करता है कि उसके पास सरकार से लाइसेंस है और कलेक्टर का परमिशन है, इसलिए कोई उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकता।”
विहिप की सख्त कार्यवाही की मांग
विहिप जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने कहा कि ग्राम बिनौरी में प्रार्थना सभा के माध्यम से मतांतरण और असाध्य रोगों को ठीक करने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए, जो गांवों में माहौल खराब कर रहे हैं और गरीब ग्रामीणों को धोखा दे रहे हैं।” तिवारी के अनुसार, ग्रामीणों में इस प्रकार के आयोजनों के प्रति गहरी नाराजगी है।
आवश्यक कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में कोई ईसाई समुदाय का व्यक्ति नहीं रहता है, फिर भी शीतल साहू बाहरी व्यक्तियों को बुलाकर प्रार्थना सभा के नाम पर गांव के हिंदू समाज को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। रविवार को लाउडस्पीकर पर जोर से भजन और भाषण चलाए जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने Balodabazar प्रशासन से इस तरह की किसी भी सभा पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर इस विषय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और किसी तरह की अनहोनी या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसके लिए Balodabazar प्रशासन जिम्मेदार होगा।



