पाकिस्तान में जनरल मुनीर का खूनी खेल, खैबर पख्तूनख्वा में सेना का तांडव, स्नाइपर-AK-47 से निहत्थे नागरिकों का कत्लेआम

Violence in Khyber Pakhtunkhwa: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हालात बेकाबू हो चुके हैं। पिछले 5 दिनों से इलाके में स्कूल बंद हैं, इंटरनेट पूरी तरह ठप है और मुख्य सड़कों को मालवाहक कंटेनरों से सील कर दिया गया है। पूरे प्रांत में पाकिस्तानी सेना की पैराशूट लैंडिंग हो रही है। प्रांत की चुनी हुई सरकार को निलंबित कर राष्ट्रपति शासन लगा दी गई है। इमरान खान की पार्टी (PTI) के गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर ने सैन्य ताकत का खुला इस्तेमाल शुरू कर दिया है, जहां प्रदर्शनकारियों पर सेना की सीधी फायरिंग करने और सड़कों पर लाशें बिछने की खौफनाक तस्वीरें सामने आ रही हैं।
खैबर पख्तूनख्वा में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कुचलने के लिए पाकिस्तानी सेना ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियोज में देखा जा सकता है कि कैसे पाकिस्तानी सैनिक निहत्थे नागरिकों के साथ मारपीट कर रहे हैं और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई जा रही हैं। इस खौफनाक मंजर को बयां करते हुए खैबर के एक स्थानीय नौजवान ने वीडियो में दर्दनाक खुलासे किए हैं। उसने बताया कि यहां नमाज के वक्त मार्च कर रहे लोगों पर स्ट्रेट फायरिंग की जा रही है। स्नाइपर्स का इस्तेमाल हो रहा है, AK-47 से गोलियां चलाई जा रही हैं। हमारे अनगिनत लोग शहीद हो चुके हैं कि उन्हें उठाने तक की जगह नहीं बची है। रात के अंधेरे में हमारा कत्लेआम किया जा रहा है।
PoK से लेकर बलूचिस्तान और खैबर तक मुनीर की पुरानी रणनीति
इलाके में कम्यूनिकेशन पूरी तरह बंद है और इमरान खान समर्थकों की स्थानीय सरकार को बर्खास्त किया जा चुका है, इसलिए सही मौतों का आंकड़ा बाहर नहीं आ पा रहा है। हालांकि घायलों और मृतकों को अस्पताल ले जाने वाले स्थानीय लोगों के वीडियो इस बात की गवाही दे रहे हैं कि सेना का यह ऑपरेशन किसी जंग के मैदान जैसा है। विशेषज्ञों के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा में अपनाया गया यह तरीका जनरल मुनीर का पुराना और आजमाया हुआ खेल है। कुछ समय पहले पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर यानी PoK में भी इसी तरह सैन्य कार्रवाई कर सैंकड़ों लोगों को मौत के घाट उतारा गया था। घायलों को अस्पतालों से उठाकर गुप्त स्थानों पर ले जाकर गायब कर दिया गया। अब खैबर में भी इमरजेंसी की आड़ में सेना वही खूनी खेल दोहरा रही है। (Violence in Khyber Pakhtunkhwa)
जनरल मुनीर के खूनी खेल के खौफनाक आंकड़े
सेंटर फॉर रिसर्च एंड सिक्योरिटी स्टडीज यानी CRSS की ताजा रिपोर्ट पाकिस्तान में सेना की क्रूरता की पोल खोलती है। रिपोर्ट के अनुसार पिछले दो महीनों के प्रदर्शनों के दौरान 150 से ज्यादा लोग मारे गए। परिजनों ने इन मौतों की पुष्टि की है, जबकि सैकड़ों लोग अब भी लापता हैं। इसी साल बलूचिस्तान में सैन्य कार्रवाई के दौरान 360 आम नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि इस दमनचक्र में करीब 900 पाकिस्तानी सैनिकों को झोंका गया है। जुलाई से सितंबर के बीच 100 से ज्यादा इमरान समर्थक प्रदर्शनकारियों की जान जा चुकी है। अक्टूबर के मौजूदा प्रदर्शनों में 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि मौतों का आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा अनुमानित है। CRSS के इन आंकड़ों पर गौर करें तो सिर्फ सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल 1,000 से ज्यादा आम नागरिक अब तक मारे जा चुके हैं।
आखिर क्या है जनरल मुनीर का मास्टर प्लान ?
अगर इसमें सैनिकों, तालिबान विद्रोहियों और बलूच लड़ाकों की संख्या को भी जोड़ लिया जाए तो यह आंकड़ा 10,000 से भी ऊपर पहुंच जाता है, जो ईरान के कई संघर्ष क्षेत्रों से भी ज्यादा भयावह है। विश्लेषकों का मानना है कि जनरल असीम मुनीर पाकिस्तान में खून-खराबे से चिंतित होने के बजाय इस स्थिति से अंदरखाने खुश नजर आ रहे हैं। इस पूरी तबाही और सैन्य तानाशाही के पीछे एक बड़ी साजिश छिपी है। मुनीर की रणनीति पाकिस्तान को छोटे-छोटे प्रशासनिक और क्षेत्रीय हिस्सों यानी लगभग 15 टुकड़ों में विभाजित करने की है। जब देश कई टुकड़ों में बंट जाएगा तो पाकिस्तान की कमजोर और विभाजित इकाइयों पर सेना के जरिए नियंत्रण रखना जनरल मुनीर और सैन्य तंत्र के लिए बेहद आसान हो जाएगा। (Violence in Khyber Pakhtunkhwa)

यही वजह है कि खैबर से लेकर बलूचिस्तान और पीओके तक, जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलकर पाकिस्तानी फौज लाशों के ढेर पर अपनी हुकूमत मजबूत करने में जुटी है। खैबर पख्तूनख्वा की सुलगती सड़कें, गोलियों की गूंज और बंद कमरों में सिसकते परिवार इस बात का सबूत हैं कि पाकिस्तान की अवाम अब अपनी ही सेना के निशाने पर है। पीओके से लेकर बलूचिस्तान और अब खैबर तक, जनरल असीम मुनीर की कुर्सियों और टुकड़ों में बंटे पाकिस्तान की सियासत का यह खूनी खेल मानवता को शर्मसार कर रहा है। दुनिया भले ही इस खामोश कत्लेआम पर चुप हो, लेकिन खैबर के इन नौजवानों की चीखें और आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि जब हुक्मसाहब खुद कातिल बन जाएं तो लोकतंत्र का दम टूटना तय है।



