विशाखापट्टनम के स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पिघला लोहा गिरने से 8 मजदूरों की मौत, छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुई थी 25 की मौत

Visakhapatnam Plant Accident: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित स्टील प्लांट में भीषण हादसा हुआ है। दरअसल, राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के स्टील प्लांट परिसर में करीब 1600°C तापमान वाला पिघला हुआ लोहा मजदूरों पर गिर गया। इस हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक प्लांट में क्रेन की मदद से एक बड़े बकेट में पिघला हुआ लोहा एक जगह से दूसरे जगह पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक बकेट का संतुलन बिगड़ गया।
यह भी पढ़ें:- रायपुर पहुंचीं कंगना रनौत, ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग में होंगी शामिल
बैलेंस बिगड़ते ही अत्यधिक गर्म पिघला लोहा नीचे कार्य कर रहे मजदूरों पर गिर पड़ा। तेज तापमान के कारण मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग और पिघले लोहे के फैलाव के कारण स्थिति और भी भयावह हो गई। कुछ शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। पिघले लोहे के कारण आसपास आग भी फैल गई। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में चूक की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि क्रेन संचालन के दौरान किस स्तर पर गलती हुई।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं गृह मंत्री वंगालापुडी अनिता ने भी जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बात कर स्थिति की समीक्षा की। इससे पहले 14 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें अब तक 25 मजदूरों की मौत हो चुकी है। इस बीच 8 जून को प्लांट में कार्यरत NGSL कंपनी के करीब 70 ठेका श्रमिकों ने गेट नंबर 01 के सामने धरना देते हुए प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई है। श्रमिकों का आरोप है कि 14 अप्रैल 2026 को हुए बॉयलर हादसे के बाद प्रबंधन की ओर से बिना किसी लिखित सूचना के उन्हें मौखिक रूप से काम से अलग किया जा रहा है। (Visakhapatnam Plant Accident)
200 से ज्यादा को काम से हटाने का आरोप
बताया जा रहा है कि प्लांट में लगभग 400 ठेका श्रमिक कार्यरत हैं, जिनमें से 200 से ज्यादा को काम से हटा दिया गया है। श्रमिकों ने मांग की है कि सभी प्रभावित कर्मचारियों को फिर रोजगार दिया जाए या किसी नई एजेंसी में समायोजित किया जाए। इसके साथ ही मई और जून माह का वेतन समेत अतिरिक्त तीन माह का मुआवजा भुगतान, कार्य अनुभव प्रमाण पत्र और एनओसी जारी करने की मांग की गई है। साथ ही पीएफ, ईएसआईसी और बोनस की लंबित राशि के भुगतान की भी मांग की जा रही है। विशाखापट्टनम में हुआ यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों की गंभीरता पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल प्रशासन जांच में जुटा हुआ है और उम्मीद की जा रही है कि रिपोर्ट के बाद हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदार पक्षों की स्पष्ट पहचान हो सकेगी। (Visakhapatnam Plant Accident)



