7 साल बाद उत्तर कोरिया पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, किम जोंग उन से हाई-लेवल बैठक, चीन, रूस और अमेरिका के बीच बढ़ी रणनीतिक खींचतान

Xi Jinping NorthKorea Tour: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 साल बाद उत्तर कोरिया पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से मुलाकात कर हाई-लेवल बैठक की, जिसने एशिया की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। दरअसल, प्योंगयांग एयरपोर्ट पर जैसे ही चीनी राष्ट्रपति का विमान उतरा, उत्तर कोरिया का पूरा शीर्ष नेतृत्व वहां मौजूद था। खुद किम जोंग उन अपनी पत्नी री सोल जू के साथ शी जिनपिंग के स्वागत में पहुंचे। 21 तोपों की सलामी, सैन्य परेड और रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में जुटी भीड़ पूरा माहौल शक्ति प्रदर्शन और राजनीतिक संदेश से भरा नजर आया। विशेष बात यह रही कि यह दौरा सात साल बाद हुआ है, जिससे इसकी राजनीतिक अहमियत और भी बढ़ गई है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि यह यात्रा सिर्फ द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई बड़े रणनीतिक संकेत छिपे हैं। पिछले कुछ समय से उत्तर कोरिया और रूस के बीच बढ़ती नजदीकियों के बीच चीन अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है। बीजिंग यह स्पष्ट करना चाहता है कि प्योंगयांग का सबसे बड़ा रणनीतिक और आर्थिक साझेदार आज भी चीन ही है। इस दौरे को अमेरिका के लिए भी बड़ा संदेश माना जा रहा है। अमेरिका लंबे समय से उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर वार्ता की कोशिश करता रहा है, लेकिन प्रतिबंधों के मुद्दे पर गतिरोध बना हुआ है। चीन इस यात्रा के जरिए यह दिखाना चाहता है कि उत्तर कोरिया से किसी भी समाधान में बीजिंग की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। (Xi Jinping NorthKorea Tour)

जापान और दक्षिण कोरिया में चिंता
जापान और साउथ कोरिया जैसे देशों के लिए भी यह दौरा सुरक्षा चिंताओं को बढ़ाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि इससे क्षेत्र में शक्ति संतुलन और ज्यादा जटिल हो सकता है। बता दें कि उत्तर कोरिया दुनिया के सबसे अलग-थलग देशों में से एक है, लेकिन चीन उसके लिए आर्थिक जीवनरेखा की तरह काम करता है। आंकड़ों के मुताबिक उसका लगभग 95% व्यापार चीन के साथ होता है और करीब 85% निर्यात भी चीन को ही जाता है। इसके अलावा राजनीतिक और कूटनीतिक समर्थन के मामले में भी चीन उसका सबसे बड़ा आधार माना जाता है। यही वजह है कि प्योंगयांग के लिए बीजिंग सिर्फ एक साझेदार नहीं, बल्कि सबसे बड़ा और निर्णायक सहारा है। (Xi Jinping NorthKorea Tour)

क्या बन रहा है नया शक्ति ब्लॉक ?
सूत्रों के मुताबिक इस मुलाकात में किम जोंग उन अपने नौसेना आधुनिकीकरण योजना पर भी चर्चा कर सकते हैं। उत्तर कोरिया एक 10,000 टन के डिस्ट्रॉयर जैसी बड़ी नौसैनिक क्षमता विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है, जिससे उसकी समुद्री ताकत में बड़ा बदलाव आ सकता है। यह दौरा सिर्फ द्विपक्षीय रिश्तों तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे एक उभरते हुए रणनीतिक गठबंधन के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें चीन, उत्तर कोरिया और रूस की बढ़ती निकटता पश्चिमी देशों के लिए चिंता का विषय है। चीन का संदेश साफ है कि एशिया की कूटनीतिक धुरी अब बीजिंग के इर्द-गिर्द घूमती है। कुल मिलाकर शी जिनपिंग का यह उत्तर कोरिया दौरा सिर्फ एक कूटनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि वैश्विक शक्ति संतुलन को प्रभावित करने वाला कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इसके असर अमेरिका, रूस और पूरे एशिया पर साफ दिखाई दे सकते हैं।




