Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में खाद संकट गहराने की आशंका, किसान कांग्रेस ने खोला मोर्चा, मंत्री जायसवाल बोले- कांग्रेस कर रही राजनीति

Fertilizer Crisis in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच खाद की उपलब्धता को लेकर गंभीर स्थिति बनती नजर आ रही है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में लक्ष्य के मुकाबले अब तक सिर्फ 71 प्रतिशत उर्वरक का ही भंडारण हो पाया है, जिससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। राज्य को खरीफ सीजन के लिए कुल 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, जबकि अब तक सिर्फ 11.11 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का ही भंडारण किया गया है। वहीं अब तक किसानों को लगभग 4.10 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है। कृषि विभाग की ओर से किसानों को स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी गई है। मानसून की दस्तक से ठीक पहले इस कमी ने प्रदेशभर में खाद उपलब्धता को लेकर चिंता और ज्यादा बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें:- 7 साल बाद उत्तर कोरिया पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, किम जोंग उन से हाई-लेवल बैठक, चीन, रूस और अमेरिका के बीच बढ़ी रणनीतिक खींचतान

प्रदेश के कई जिलों में किसान खाद, बीज और डीजल की कमी से परेशान हैं। खासकर बुवाई के समय आवश्यक संसाधनों की अनुपलब्धता को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। इस बीच सूरजपुर जिले में किसान कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर मुख्यमंत्री के नाम 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है। कृषि कार्य के लिए डीजल की भारी कमी है। सोसायटी स्तर पर खाद का सीमित वितरण किसानों के लिए परेशानी बन रहा है। किसान कांग्रेस ने मांग की है कि प्रति एकड़ 2 बोरी यूरिया, 2 बोरी डीएपी और 1 बोरी पोटाश तत्काल उपलब्ध कराया जाए। जरीकेन में कम से कम 5000 रुपए तक डीजल उपलब्ध कराया जाए। संगठन ने सरकार की दो या तीन किस्तों में वितरण वाली खाद वितरण नीति को तुगलकी फरमान बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

कोंडागांव में भी ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

कोंडागांव में भी किसान कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार की मौजूदा नीति के कारण प्रति एकड़ सीमित खाद वितरण से उत्पादन प्रभावित होगा। बाजार में खाद की कालाबाजारी बढ़ रही है। डीजल डब्बों में उपलब्ध नहीं होने से किसानों को बार-बार पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसान कांग्रेस ने घोषणा की है कि 12 जून को रायपुर में कलेक्टोरेट घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन में रायपुर जिले के किसान और कार्यकर्ता शामिल होंगे। 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन होगा। प्रति एकड़ खाद कटौती का फैसला वापस लेने की मांग उठाई जाएगी। खाद-बीज संकट और लंबित भुगतान जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा जाएगा। (Fertilizer Crisis in Chhattisgarh)

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में खाद और बीज की भारी कमी है, जिसे लेकर कांग्रेस जल्द बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने पुराने और घटिया गुणवत्ता वाले बीज बेचने का भी आरोप इस पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में रहती है तो किसानों की चिंता नहीं करती, लेकिन सत्ता से बाहर आने के बाद उन्हें किसान याद आते हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है और सरकार अलग-अलग माध्यमों से आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले छत्तीसगढ़ में खाद, बीज और डीजल की उपलब्धता को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है, जहां एक ओर सरकार पर्याप्त आपूर्ति का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष और किसान संगठन जमीनी स्तर पर संकट गहराने की बात कह रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और ज्यादा गर्म होने की संभावना है।

Back to top button
error: Content is protected !!