Google Analytics —— Meta Pixel

वक्फ एक बहाना है…देश में दंगे भड़काना, आग लगाना और वोट बैंक की दुकान चलाना है: BJP

Wakf Amendment Bill: भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के विरोध प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ राजनीतिक विरोध है। अभी बिल आया भी नहीं है, हमने 428 पन्नों की अपनी रिपोर्ट दी है, सरकार अभी उस आधार पर संशोधित बिल लाएगी। उसके बाद उन्हें बात करनी चाहिए। बिल आया नहीं है, कानून बना नहीं है, फिर क्यों ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड हो या जमीयत उलेमा-ए-हिंद हो या AIMIM हो या विपक्षी दल हों, उन्हें बुलाया जा रहा है। लोगों को सिर्फ गुमराह किया जा रहा है, लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। कहीं भी वक्फ की जमीन नहीं बेची जा रही है।

यह भी पढ़ें:- वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन, AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी हुए शामिल

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि यह देश कानून से चलता है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि .कुछ लोग भू-माफियाओं के इशारों पर कठपुतली की तरह नाच रहे हैं। मैं इन संगठनों से कहना चाहूंगा कि विरोध के नाम पर अपनी दुकान और भू-माफियाओं के प्रति प्रेम दिखाने के बजाय गरीबों और मुसलमानों के हित में सोचने की कोशिश करें। ये भू-माफिया चश्मा उतारें। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि ये आधारहीन लोग हैं। इन्हें न तो जनता का समर्थन है और न ही मुस्लिम समुदाय का। मुस्लिम समुदाय जानता है कि प्रधानमंत्री मोदी गरीबों के लिए काम कर रहे हैं। अगर वक्फ बोर्ड संशोधन होता है तो इसका सबसे ज्यादा फायदा पसमांदा मुसलमानों, गरीब और पिछड़े वर्ग के मुसलमानों को मिलेगा। (Wakf Amendment Bill)

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कसा तंज

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि वक्फ एक बहाना है। देश में दंगे भड़काना, आग लगाना, वोट बैंक की दुकान चलाना, बस यही इनकी कहानी है। AIMPLB जैसे संगठन हों या फिर इसका समर्थन करने वाले इसके राजनीतिक आका, कांग्रेस, TMC, समाजवादी पार्टी, AIMIM। ये लगातार वक्फ के नाम पर मुस्लिम नागरिकों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं… मैं पूछना चाहता हूं कि क्या संविधान ने जैन समुदाय, ईसाई समुदाय को वक्फ जैसे अधिकार दिए हैं? वक्फ को हड़पने की असीमित शक्ति क्यों होनी चाहिए? कभी संसद, कभी महाकुंभ, कभी किसानों की जमीन पर कब्जा कर लेता है और कांग्रेस, TMC, समाजवादी पार्टी, AIMIM इस पर कुछ नहीं बोलेंगे। (Wakf Amendment Bill)

डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने भी घेरा

उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैंने देखा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। वक्फ बोर्ड संशोधन देश के गरीब मुसलमानों के हित में है इसके लिए संयुक्त संसदीय समिति बनाई गई है, चर्चाएं हो गई हैं और इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और एनसीपी, तृणमूल कांग्रेस समेत सारे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली सभी राजनीतिक पार्टियां इसके समर्थन में खड़ी हुई हैं, तो इससे मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति का असली चेहरा सामने आया है। ये विरोध उचित नहीं है उनको निराशा होगी। (Wakf Amendment Bill)

Back to top button
error: Content is protected !!