Trending

Weather News: अभी असम में नहीं थमेगा बारिश का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

Weather News: भीषण गर्मी के बीच देश के कई राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने इस बार कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों के राहत आयुक्तों के साथ सालाना समीक्षा बैठक की। मौसम विभाग ने बाढ़ग्रस्त असम में 21 मई तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें:- CG Weather Report: तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून, 7 जून तक छत्तीसगढ़ पहुंचने की उम्मीद

दिल्ली के विज्ञान भवन में हुई समीक्षा बैठक का उद्देश्य मानसून के दौरान किसी भी संकट से निपटने की तैयारी था। संकट के दौरान केंद्र द्वारा राज्यों की मदद की रूपरेखा (Weather News) भी पेश की गई। बैठक में पिछली आपदाओं से लिए गए सबक पर भी चर्चा हुई। देश में मौसम का मिजाज इन दिनों नर्म-गर्म है। अगले कुछ दिनों में आसमान साफ रहने से उत्तर व मध्य भारत के राज्यों में पारा तेजी से चढ़ सकता है। 

इन इलाकों में हो सकती है बारिश

वहीं कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा के कारण राहत मिल सकती है। इधर, मानसून भी आगे बढ़ रहा है तो असम समेत कुछ राज्यों में प्री मानसून ने ही कहर ढा दिया है। दिल्ली एनसीआर में बुधवार सुबह मौसम बदला नजर आया। बादल छाने के साथ कुछ इलाकों में बूंदाबांदी (Weather News) भी हुई। मौसम विज्ञान विभाग का (आईएमडी) अनुमान है कि बुधवार से लेकर आगामी तीन दिनों के दौरान देश के उत्तरी, पश्चिमी और मध्य भाग में आसमान साफ रहेगा। इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन पारा तेजी से चढ़ेगा, इस कारण लू भी कहर बरपा सकती है।

असम में भारी बारिश के आसार

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से में हीटवेव चलने के आसार हैं। अगले 24 घंटे के दौरान मेघालय, असम के कुछ हिस्सों, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण कर्नाटक और केरल में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। तमिलनाडु, रायलसीमा और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

बिहार के पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना

वहीं पश्चिमी हिमालय, बिहार के पूर्वी हिस्सों और पश्चिम बंगाल में एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ हल्की बारिश हो सकती है। झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और विदर्भ और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण (Weather News) बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, पूरे अंडमान सागर, अंडमान द्वीप समूह और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। 

चक्रवाती हवाओं का दिखेगा असर

तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र लक्षद्वीप और इससे सटे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के ऊपर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से विदर्भ और आंतरिक कर्नाटक होते हुए उत्तर आंतरिक तमिलनाडु तक फैली हुई है। एक और ट्रफ रेखा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से झारखंड तक निचले स्तर पर बनी हुई है। पंजाब से सटे इलाके में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

दक्षिण के कुछ हिस्सों में चली ग्रीष्म लहर

इधर, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक और लक्षद्वीप में मध्यम से भारी बारिश हुई। तमिलनाडु, रायलसीमा, सिक्किम, पूर्वी बिहार और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार के कुछ हिस्सों और गोवा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश के एक या दो हिस्सों में हल्की बारिश हुई। उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के साथ पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण के कुछ हिस्सों में ग्रीष्म लहर देखी गई।

7 जून तक छत्तीसगढ़ में पहुंचेगा मानसून

मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि केरल में मानसून पहुंचने के बाद बरसात की शुरुआत होगी। मौसम विभाग ने पहले बताया था कि मानसून 27 मई तक केरल तट तक पहुंच जाएगा। ऐसा हुआ तो 7 जून तक छत्तीसगढ़ में मानसून का प्रवेश हो जाएगा। माना जाता है कि मानसून केरल पहुंचने के 10 दिनों में छत्तीसगढ़ पहुंच जाता है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि सब कुछ सामान्य रहा तो 6 और 7 जून तक मानसून छत्तीसगढ़ तक पहुंच जाएगा। उसके अगले चार दिनों में ये पूरे प्रदेश में छा जाएगा।

Related Articles

Back to top button