PM Modi France Visit : ‘पेरिस में आपका स्वागत है मेरे दोस्त’, पीएम मोदी के लिए इमैनुएल मैक्रों का ट्वीट, आज AI शिखर सम्मेलन में करेंगे शिरकत
PM Modi France Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय फ्रांस (PM Modi France Visit) दौरे पर हैं. पीएम मोदी सोमवार को पेरिस पहुंचे. जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी को गले लगाया. जिसकी तस्वीरें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की हैं. पीएम मोदी आज पेरिस में होने वाले एआई शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे और राष्ट्रपति मैक्रों के साथ सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे. इसके साथ ही दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी होगी.
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू, 15 फरवरी को आएंगे नतीजे
‘पेरिस में आपका स्वागत है, मेरे मित्र नरेंद्र मोदी!’
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट किया, ‘पेरिस में आपका स्वागत है, मेरे मित्र नरेंद्र मोदी! आपसे मिलकर खुशी हुई, प्रिय जेडी वेंस! एआई एक्शन समिट में हमारे सभी साझेदारों का स्वागत है। चलिए काम पर लग जाएं!’
पीएम मोदी ने शेयर की तस्वीरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘थोड़ी देर पहले पेरिस पहुंचा हूं. यहां विभिन्न कार्यक्रमों की प्रतीक्षा कर रहा हूं, जो एआई, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे भविष्य के क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे.’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शेयर की गईं एक तस्वीर में राष्ट्रपति मैक्रों पीएम मोदी से बातचीत करते नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी तस्वीर में वह पीएम मोदी को गले लगा रहे हैं.
फ्रांस में पीएम मोदी का हुआ जोरदार स्वागत
फ्रांस के दौरे पर पेरिस पहुंचे पीएम मोदी का होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य पोस्ट में कहा, पेरिस में एक यादगार स्वागत. ठंड के मौसम के बावजूद भारतीय समुदाय ने आज शाम अपना स्नेह दिखाया. पीएम मोदी ने आगे लिखा, हम अपने प्रवासी समुदाय के प्रति आभारी हैं और उनकी उपलब्धियों पर गर्व करते हैं.
भारत, फ्रांस के साझा हित दोस्ती पर केंद्रित हैं: मैक्रों
इस बीच, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि भारत-फ्रांस के साझा हित दोस्ती पर केंद्रित हैं। पीएम मोदी दो दिवसीय फ्रांस यात्रा से ठीक पहले सोमवार को भारत के एक समाचार समूह और नेटवर्क फ्रांस24 के साथ एक वीडियो साक्षात्कार में, मैक्रों ने प्रौद्योगिकी और शिक्षा में भारत की ताकत पर प्रकाश डाला। मैक्रों ने कहा, प्रति वर्ष दस लाख इंजीनियर तैयार करने के साथ भारत एक प्रशिक्षण महाशक्ति है। यह पूरे अमेरिका और यूरोप में तैयार होने वाले इंजीनियरों की संयुक्त संख्या से अधिक है। हमारे साझा हित मित्रता पर केंद्रित हैं। हम अपनी प्रतिभा को प्रशिक्षित करना चाहते हैं ताकि वे विदेश जा सकें, लेकिन उन्हें घर पर भी रहना चाहिए। साक्षात्कार की शुरुआत मैक्रों ने हिंदी में भारत के लोगों को नमस्ते कहकर जबकि अंत बहुत शुक्रिया कहकर किया। (PM Modi France Visit )



