पश्चिम बंगाल के 293 सीटों पर मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में भाजपा-टीएमसी में कांटे की टक्कर

West Bengal Counting 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना शुरू हो गई है। राज्य की 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है, जबकि एक सीट फालता पर 21 मई को पुनर्मतदान होगा। सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती की गई, जिसके बाद सुबह 8:30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती की जा रही है। शुरुआती रुझानों में भाजपा और टीएमसी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। मतगणना शुरू होने से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। सुबह करीब 6:30 बजे कोलकाता के भवानीपुर स्थित सखावत मेमोरियल स्कूल के बाहर टीएमसी और भाजपा एजेंटों के बीच झड़प की खबर सामने आई।
यह भी पढ़ें:- बगिया से बस्तर’ तक गूंजा सुशासन का स्वर-जनता से सीधा संवाद बना विश्वास का आधार
भवानीपुर सीट इस चुनाव की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं। राज्य में पिछले 15 सालों से सत्ता में काबिज ममता बनर्जी के सामने इस बार भाजपा की कड़ी चुनौती है। नतीजों से यह साफ होगा कि ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी कर इतिहास रचती हैं या पहली बार राज्य में भाजपा सरकार बनाने में सफल होती है। मतगणना को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राज्य के सभी काउंटिंग सेंटरों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की करीब 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। काउंटिंग सेंटरों और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल मौजूद है, जिसमें महिला सुरक्षा बल भी शामिल हैं। (West Bengal Counting 2026)
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने लगाया आरोप
इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा नेता दिलीप घोष ने दावा किया कि जिस तरह मतदान हुआ, उसी तरह मतगणना भी निष्पक्ष होगी और राज्य में बदलाव की सरकार बनेगी। वहीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि कुछ स्ट्रॉन्गरूम के सीसीटीवी कैमरे रात में कुछ समय के लिए बंद किए गए थे। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भी चुनाव नतीजों को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, जहां सुबह से ही मिठाइयां और पूरियां बननी शुरू हो गई हैं। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश देते हुए कहा कि कौशल, परिश्रम और करुणा के जरिए हर चुनौती को पार किया जा सकता है।
इस बार 93.24% महिला वोटिंग दर्ज
काशीपुर-बेलगछिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रितेश तिवारी ने कहा कि भारी जीत के लिए बंगाल की जनता ने हमें वोट किया है। डबल इंजन की सरकार बनने जा रही है। TMC चुनाव हार चुकी है, जनता ने उन्हें नकार दिया है, यह स्पष्ट हो चुका है। इस बार पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड 92.47% मतदान हुआ, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक है। खास बात यह रही कि महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया और कुल 93.24% महिला वोटिंग दर्ज की गई। चुनाव के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। किसे स्पष्ट बहुमत मिलेगा, कौन पीछे रहेगा और किन दिग्गजों की जीत-हार तय होगी- इन सभी सवालों के जवाब आने वाले कुछ घंटों में सामने आ जाएंगे। (West Bengal Counting 2026)



