West Bengal Election : देसी बम हमला और झड़प से मुर्शिदाबाद में तनाव, वोटरों को धमकाने के आरोप
West Bengal Election : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान मुर्शिदाबाद जिला एक बार फिर हिंसा और तनाव की घटनाओं से सुर्खियों में है। गुरुवार सुबह नौदा क्षेत्र में देसी बम से हमला हुआ, जिसके बाद दोपहर में आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूँ कबीर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े :- जग्गी हत्याकांड: अमित जोगी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, उम्रकैद की सजा पर स्टे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल ने मीडिया से कहा कि उन्हें गालियां दी गईं और बिना वजह निशाना बनाया गया। घटना के बाद प्रशासन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। (West Bengal Election)
कबीर और TMC कार्यकर्ताओं में टकराव
बताया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित नेता हुमायूँ कबीर हमले वाले इलाके का दौरा करने जा रहे थे, लेकिन TMC कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष आमने-सामने नजर आ रहे हैं।
कबीर ने आरोप लगाया कि नौदा, रेजीनगर और मुर्शिदाबाद की सीटों पर सामान्य रूप से मतदान हो रहा है, लेकिन कुछ बूथों पर रात के समय गड़बड़ी हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ लोगों ने स्थानीय पुलिसकर्मियों से बैग छीन लिए।
EVM में गड़बड़ी, मतदान प्रभावित
जिले में मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में तकनीकी खराबी की शिकायतें भी सामने आईं। बेलडांगा और समशेरगंज विधानसभा क्षेत्रों के कुछ बूथों पर मतदान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
वोटरों को धमकाने के आरोप
डोमकल क्षेत्र में मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोप भी लगे हैं। मतदाताओं का कहना है कि उन्हें मतदान केंद्र तक जाने से रोका गया और पर्याप्त सुरक्षा बल मौजूद नहीं थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने रिपोर्ट तलब की है।
बाद में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों और पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद मतदाताओं को सुरक्षित माहौल में मतदान केंद्रों तक पहुंचाया गया। (West Bengal Election)



