Google Analytics —— Meta Pixel

अब पश्चिम बंगाल का भी बदलेगा नाम! ‘पश्चिम बंगा’ करने की तैयारी, 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव

पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर पश्चिम बंगा करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव पेश करने का ऐलान किया है। जानिए नाम बदलने की पूरी प्रक्रिया।

कोलकाता। देश में राज्यों के नाम बदलने की कवायद के बीच अब पश्चिम बंगाल की पहचान भी बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य की मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि आगामी 9 दिसंबर को विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलेगा।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। हालांकि, अंतिम नाम परिवर्तन के लिए संसद की विधायी प्रक्रिया और राष्ट्रपति की मंजूरी भी आवश्यक होगी। यानी फिलहाल राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू हुई है, आधिकारिक बदलाव अभी बाकी है।

क्यों बदला जा रहा पश्चिम बंगाल का नाम?

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने के पीछे राज्य की ऐतिहासिक पहचान को प्रमुख आधार बताया जा रहा है। वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान बंगाल का बंटवारा हुआ था। इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रहा और पश्चिम बंगाल राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।
भाजपा का तर्क है कि ‘पश्चिम बंगा’ नाम राज्य के गठन और उसके ऐतिहासिक महत्व को बेहतर तरीके से दर्शाता है। पार्टी के कुछ नेताओं ने पहले ‘बांग्ला’ नाम पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि यह बांग्लादेश के नाम से मिलता-जुलता है। ऐसे में ‘पश्चिम बंगा’ नाम को राज्य की अलग ऐतिहासिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है।

पहले भी दो बार उठ चुकी है नाम बदलने की मांग

पश्चिम बंगाल का नाम बदलने का मुद्दा नया नहीं है। इससे पहले वर्ष 1999 और 2011 में भी नाम बदलने के प्रस्ताव सामने आए थे। बाद में ममता बनर्जी सरकार ने राज्य का नाम ‘बांग्ला’ करने की पहल की थी। वर्ष 2018 में विधानसभा से इस संबंध में प्रस्ताव भी पारित हुआ, लेकिन केंद्र सरकार की मंजूरी नहीं मिलने के कारण नाम परिवर्तन नहीं हो सका।

अब भाजपा सरकार ने एक बार फिर इस मुद्दे को आगे बढ़ाया है। इस बार प्रस्तावित नाम ‘पश्चिम बंगा’ रखा गया है।

कैसे बदलता है किसी राज्य का नाम? जानिए पूरी प्रक्रिया

भारत में किसी राज्य का नाम बदलने की संवैधानिक प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत पूरी होती है। इसमें केंद्र सरकार और संसद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

1. राज्य सरकार की पहल: राज्य सरकार नाम बदलने का प्रस्ताव तैयार कर सकती है और विधानसभा में इस पर प्रस्ताव पारित करा सकती है।

2. केंद्र सरकार को प्रस्ताव: राज्य की सिफारिश केंद्र सरकार के पास भेजी जाती है। गृह मंत्रालय इस पर विचार करता है।

3. राष्ट्रपति की सिफारिश: औपचारिक विधेयक संसद में पेश करने से पहले राष्ट्रपति की सिफारिश जरूरी होती है। राष्ट्रपति संबंधित राज्य की विधानसभा से विधेयक पर राय मांगते हैं।

4. संसद में विधेयक पारित: लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों से विधेयक पारित होना जरूरी है। इसके लिए साधारण बहुमत पर्याप्त होता है।

5. राष्ट्रपति की मंजूरी: संसद से पारित विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद कानून बनता है और राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदल जाता है।

इस तरह पश्चिम बंगाल का नाम ‘पश्चिम बंगा’ करने की प्रक्रिया में विधानसभा का प्रस्ताव पहला महत्वपूर्ण कदम होगा। अंतिम फैसला केंद्र और संसद की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!