Google Analytics —— Meta Pixel

बेमेतरा में दरिंदगी की सारी हदें पार, महिला की हत्या के बाद शव से दुष्कर्म, आरी से शव के टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंका

Woman Murder in Bemetara: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां चंदनू थाना क्षेत्र के सोनपुरी गांव में 50 साल की महिला की हत्या के बाद उसके शव के साथ दुष्कर्म किया गया। फिर शव के हाथ-पैर काटकर अलग-अलग गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में गांव के ही 42 साल के आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। 

यह भी पढ़ें:- तनाव, डिप्रेशन और आर्थिक दबाव, भारत में हर घंटे 16 लोग गंवा रहे जान, दुनिया में हर घंटे 100 मौतें, चौंकाने वाले आंकड़े आए सामने

SP त्रिलोक बंसल ने बताया कि घटना 6 जुलाई की रात की है। आरोपी रामप्रसाद सोनवानी महिला के घर पहुंचा, जहां वह अकेली थी। आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर आरोपी ने फावड़े के बेंत से महिला के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या करने के बाद आरोपी ने शव के साथ 4 बार दुष्कर्म किया। इसके बाद पहचान छिपाने की नीयत से उसने घर में रखी लकड़ी काटने वाली आरी से शव के दोनों हाथ और दोनों पैर काट दिए। शव के हिस्सों को अलग-अलग गठरियों में बांधकर अपनी झोपड़ी में रखा और अगले दिन रात के अंधेरे में शिवनाथ नदी और अमरैया नाला के पास फेंक दिया। (Woman Murder in Bemetara)

7 जुलाई को दर्ज हुई गुमशुदगी, 9 जुलाई को मिला शव

महिला 7 जुलाई से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर चंदनू थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 9 जुलाई को मृतिका के बेटे को शिवनाथ नदी और अमरैया नाला के किनारे साड़ी में बंधी दो गठरियां मिलीं। एक गठरी खोलने पर महिला का धड़ मिला, जबकि दूसरी में कटे हुए हाथ और पैर थे। शव सड़ी-गली अवस्था में था, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने महिला के घर में रखे झोले से 2500 रुपए भी निकाल लिए थे। पूछताछ में उसने बताया कि 2000 रुपए खर्च कर चुका है, जबकि 500 रुपए पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद किए हैं। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए आधुनिक तकनीक और पारंपरिक जांच दोनों का सहारा लिया। 

पहले भी हत्या के मामले में जा चुका है जेल

ड्रोन कैमरे, नाव, सर्च लाइट, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई आरी, फावड़ा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली साल 2017 में भी गांव की एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म, शव के साथ आपराधिक कृत्य, साक्ष्य मिटाने और चोरी समेत अलग-अलग धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। (Woman Murder in Bemetara)

क्या है नेक्रोफिलिया ?

मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद विशेषज्ञों ने बताया कि किसी मृत शरीर के प्रति यौन आकर्षण या उसके साथ यौन कृत्य करने की प्रवृत्ति को नेक्रोफिलिया कहा जाता है। इसे मानसिक विकार की श्रेणी में माना जाता है। मनोवैज्ञानिकों के मुताबिक ऐसे मामलों में कई कारण हो सकते हैं, जिनमें गंभीर मानसिक असंतुलन, विकृत यौन प्रवृत्ति, अपराधी की मनोवैज्ञानिक स्थिति और हिंसक व्यवहार शामिल हो सकते हैं। हालांकि किसी व्यक्ति में इस तरह की प्रवृत्ति होने का निष्कर्ष सिर्फ विस्तृत मनोवैज्ञानिक और चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद ही निकाला जा सकता है। पुलिस का कहना है कि यह अत्यंत जघन्य और संवेदनशील मामला है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी वैज्ञानिक साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आरोप पत्र तैयार कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!