तेलीबांधा चौक का विकास के नाम पर पहचान से समझौता नहीं, प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ ने सरकार के प्रस्ताव पर उठाए सवाल
Chhattisgarh Pradesh Sahu Sangh: तेलीबांधा चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किए जाने के प्रस्ताव ने अब सामाजिक और राजनीतिक बहस का रूप लेना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ ने प्रस्ताव का खुलकर विरोध करते हुए साफ कहा है कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन विकास के नाम पर किसी स्थान की सामाजिक पहचान और ऐतिहासिक जुड़ाव को बदलना स्वीकार नहीं किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत साहू ने कहा कि तेलीबांधा चौक सिर्फ शहर का एक चौराहा नहीं, बल्कि साहू समाज की आस्था, पहचान और गौरव से जुड़ा हुआ स्थान है। ऐसे में इसके नाम में बदलाव महज नाम परिवर्तन का विषय नहीं है, बल्कि इससे समाज की भावनाएं सीधे जुड़ी हुई हैं।
यह भी पढ़ें:- तेलीबांधा चौक समेत छत्तीसगढ़ के 38 जगहों पर बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से तेलीबांधा चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की बात कही गई है। साहू समाज विकास और सौंदर्यीकरण के खिलाफ नहीं है, लेकिन सवाल यह है कि क्या विकास के लिए किसी स्थापित सामाजिक पहचान को हटाना जरूरी है? शशिकांत साहू ने कहा कि सरकार यदि ‘सेवा ज्योति चौक’ के नाम से किसी अन्य उपयुक्त स्थान को विकसित करना चाहती है तो साहू समाज को इस पर कोई आपत्ति नहीं होगी। लेकिन तेलीबांधा चौक की वर्तमान पहचान को बदलने का प्रयास समाज की भावनाओं की अनदेखी माना जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि तेलीबांधा चौक की मौजूदा पहचान बरकरार रखते हुए ही विकास और सौंदर्यीकरण की योजना को आगे बढ़ाया जाए। (Chhattisgarh Pradesh Sahu Sangh)
अब सवाल नाम का नहीं, सम्मान और पहचान का है
शशिकांत साहू ने आगे कहा कि सरकार को ऐसे संवेदनशील मामलों में निर्णय लेने से पहले संबंधित समाज और नागरिकों की भावनाओं को भी गंभीरता से सुनना चाहिए। साहू समाज के विरोध ने प्रस्ताव को लेकर एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है क्या किसी शहर के विकास मॉडल में उसकी सामाजिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए भी जगह होगी ? फिलहाल समाज ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है कि विकास चाहिए, लेकिन तेलीबांधा की पहचान की कीमत पर नहीं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरा होने पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजिन किया गया था, जिसमें CM साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों समेत कुल 38 जगहों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। (Chhattisgarh Pradesh Sahu Sangh)



